राजस्थान में प्री-मानसून बारिश जारी है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर, उदयपुर, अजमेर, कोटा समेत 16 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा नागौर के देह इलाके में 60 MM पानी बरसा। चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा में एक इंच से ज्यादा बरसात दर्ज की गई। इससे पहले राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम ड्राय रहा और धूप निकलने से कुछ जगहों के तापमान में बढ़ोतरी हुई। आज (शनिवार) 27 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी (42.1 डिग्री सेल्सियस) श्रीगंगानगर में रही। राजस्थान के मौसम से जुड़ी 2 PHOTOS… ये शहर रहे सबसे ज्यादा गर्म… श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में तूफानी बारिश पिछले 24 घंटे में उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कई हिस्सों में शुक्रवार दोपहर बाद से घने बादल छाए। इस दौरान नागौर के खींवसर में 40 एमएम, प्रतापगढ़ के अरनोद में 32 एमएम, दलोत में 27 एमएम, राजसमंद के कुंभलगढ़ में 16 एमएम बारिश हुई। श्रीगंगानगर के हिंदूमलकोट में 14 एमएम, उदयपुर के झाड़ोल में 6 एमएम, जयपुर के पास विराटनगर में 18 एमएम, झुंझुनूं के मंडावा में 6 एमएम, झालावाड़ के डग में 23 एमएम, हनुमानगढ़ के डाबली राठन में 18 एमएम, चित्तौड़गढ़ में 28 एमएम, भीलवाड़ा के करेड़ा में 35 एमएम, बिजौलिया में 12 एमएम और अजमेर के किशनगढ़ में 18 एमएम बरसात दर्ज की गई। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के क्षेत्रों में तूफानी बारिश देखने को मिली। इन जिलों के अलावा बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, बूंदी, दौसा, कोटा और पाली के कुछ इलाकों में भी बादल छाने के बाद हल्की बारिश हुई। पश्चिमी जिलों में पारा 41 के पार पहुंचा पश्चिमी जिलों में बारिश कमजोर रहने के कारण गर्मी तेज हो गई है। श्रीगंगानगर के अलावा जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.5, बाड़मेर में 41.2, बीकानेर में 41.4, चूरू में 41.9, फलोदी में 40, अलवर में 39.4, पिलानी (झुंझुनूं) में 39.7 और कोटा में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्री-मानसून की गतिविधियां जारी रहेंगी मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों तक उत्तर-पूर्वी और दक्षिण के कुछ हिस्सों में इसी तरह प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। आगे कैसा रहेगा मौसम… राजस्थान के बड़े शहरों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी में शुक्रवार को दिनभर मौसम ड्राय रहा और हल्के बादल छाए रहे। दिन में तेज उमस रही, लेकिन शाम होने के बाद हल्की ठंडी हवा चली। शुक्रवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 25 जून को बारिश के दौरान खेलते समय द्रव्यवती नदी में बहे 11 साल का मोनू उर्फ मोहित का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। सिविल डिफेंस की टीम ने करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महारानी फार्म के पास, घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से शव को निकाला। अलवर: शुक्रवार सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर रहा। दोपहर करीब 2 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और घने बादल छा गए। इसके बाद जिले के कई इलाकों में तेज तो कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जिले का अधिकतम तापमान करीब 38.7 सेल्सियस तक पहुंच गया था। जोधपुर: शुक्रवार को दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। दिनभर की तपन के बाद शाम के समय बादल छाए और ठंडी हवा चली। कोटा: शुक्रवार को तेज गर्मी का असर बना रहा। यहां दिनभर खिली तेज धूप और भारी उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। जिले का अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आए। अजमेर: जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 25.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन में तेज गर्मी का असर बना रहा, लेकिन शाम को मौसम ने करवट ली। जिले के कई इलाकों में बारिश हुई। उदयपुर: शुक्रवार शाम 4 बजे अचानक मौसम बदल गया और कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को तीखी गर्मी और उमस से राहत मिली। यहां का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर: शुक्रवार को भी तेज गर्मी और उमस का असर बना रहा। दिनभर खिली तीखी धूप और भारी उमस ने लोगों को खासा परेशान किया। यहां का अधिकतम तापमान 38.5 और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

