राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार (24) को 2 जिलों बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारी बारिश का रेड अलर्ट हैं। वहीं, 9 जिलों में ऑरेंज और अन्य में यलो अलर्ट है। इससे पहले गुरुवार को बाड़मेर, जालोर, सिरोही, उदयपुर, जैसलमेर, पाली, भीलवाड़ा सहित कई जिलों में दोपहर बाद भारी बारिश हुई। भीलवाड़ा के रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बिजली गिरने से नाना-दोहिती की मौत हो गई। वहीं, उदयपुर के लसाड़िया में 24 घंटे के दौरान (22 जुलाई शाम 5 बजे से 23 जुलाई शाम 5 बजे तक) 290 मिमी (11 इंच) से ज्यादा पानी बरसा। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- मानसून ट्रफ के दक्षिण में शिफ्ट होने और कोटा, उदयपुर संभाग के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम बनने से गुजरात और उससे लगते राजस्थान के इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो रही है। राजस्थान के मौसम की PHOTOS.. मानसून के बड़े अपडेट्स तेज बारिश के बीच गिरी बिजली: भीलवाड़ा जिले के कई इलाकों में गुरुवार देर शाम तेज बारिश हुई। इस दौरान कलाल खेड़ी गांव बिजली गिरने से एक बुजुर्ग चरवाहे धर्मा नाथ और 11 साल की दोहिती गायत्री नाथ की मौत हो गई। हादसे में 7 बकरियां भी जल गईं। नदियां उफान पर: भारी बारिश से राजस्थान में जनजीवन पर भी असर दिखना शुरू हो गया। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, ब्यावर, भीलवाड़ा, उदयपुर समेत कई इलाकों में खेत जलमग्न हो गए। डूंगरपुर में सोम और माही नदियां उफान पर हैं। पानी भरने, बरसाती नदियां चलने और पुलिया ढहने से गांवों और छोटे कस्बों के रास्ते बंद हो गए हैं। यहां हुई बारिश: भीलवाड़ा के बागोर में 60 मिमी (MM), हमीरगढ़ में 50 मिमी, उदयपुर के पास सलूंबर में 61 मिमी, झालड़ा में 62 मिमी, बाड़मेर के पचपदरा में 51 मिमी, पाटौदी में 55 मिमी, राजसमंद के आमेट में 61 मिमी, सरदारगढ़ में 54 मिमी, राजसमंद शहर में 49 मिमी, चित्तौड़गढ़ के राश्मी में 53 मिमी, भदेसर में 45 मिमी और जालौर में 51 मिमी बरसात दर्ज हुई। 4 दिन जारी रहेगा तेज बारिश का दौर: मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राजस्थान में वर्तमान में तीन अलग-अलग सिस्टम एक्टिव हैं, जिसके असर से अगले चार दिन पूरे राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी राजस्थान पर एक शियर जोन (डायवर्जन) बन गया है, जिसमें पश्चिम से आने वाली और पूर्व (बंगाल की खाड़ी) से आने वाली हवा डायवर्ट हो रही है। इन सभी सिस्टम के असर से राज्य में अगले चार दिन मानसून पूरी तरह एक्टिव रहने की संभावना है। आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट मौसम की पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

