फरीदाबाद में “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” पर 564 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ

चंडीगढ़- विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद जिले में 564 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से 29 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 61 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाली 7 परियोजनाओं का उद्घाटन और 433 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत वाली 22 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल कौशिक, कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदोली में 3 करोड़ 24 लाख रुपये, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन.आई.टी.-1 में 3 करोड़ 14 लाख रुपये और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तिगांव में 3 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से नए भवनों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेक्टर-23, बल्लभगढ़ में एक करोड़ रुपये व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-22, बल्लभगढ़ में 4 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से बने भवनों का उद्घाटन किया।

श्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए गांव महावतपुर (भास्कोला) में यमुना नदी पर 3 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से बने पेंटून ब्रिज और खेड़ी गुजरां में 42 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से 66 केवी सब-स्टेशन का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सागरपुर बल्लभगढ़ में 3 करोड़ 31 लाख रुपये, खेड़ी कलां, फरीदाबाद में 3 करोड़ 10 लाख रुपये और सेक्टर-7 व 8, बल्लभगढ़ में 1 करोड़ 1 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए स्कूल भवनों का शिलान्यास किया। प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार हेतु बड़खल में 31 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एस.डी.ओ. सिविल कॉम्प्लेक्स का भी मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में, बी.के. अस्पताल फरीदाबाद में 161 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल एवं सर्विस ब्लॉक और श्री अटल बिहारी वाजपेयी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, छायंसा में 21 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने खेल एवं आधारभूत संरचना विकास के तहत गांव बुखारपुर में 7 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्टेडियम की आधारशिला रखी। बल्लभगढ़–पाली–धौज–सोहना रोड पर 69 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले आरओबी व गांव अटाली से सेक्टर 25, फरीदाबाद तक 77 करोड़ रुपये की लागत वाली पेयजल परियोजना का भी मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया।

पृथला, तिगांव, मोहना, अटाली, बल्लभगढ़, बदशाहपुर, दलेलपुर, सरूपपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में 17 से अधिक सड़कों के निर्माण, सुधार एवं विशेष मरम्मत कार्य के लिए 55 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया।

फरीदाबाद में आयोजित हुआ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, 1947 के बंटवारे की त्रासदी में शहीद पूर्वजों को दी गई श्रद्धांजलि

  • सामाजिक एकता के सूत्र जब टूटते हैं तो देश भी टूट जाया करते हैं- नायब सिंह सैनी
  • मुख्यमंत्री ने की घोषणा, विभाजन से जुड़े साहित्य और दस्तावेजों की लगेगी प्रदर्शनी
  • स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल होगा विभाजन विभीषिका का इतिहास
  • बेटियों के विवाह के बाद नाम परिवर्तन के कारण होने वाली दिक्कतें होंगी दूर, नाम में संशोधन के लिए हरियाणा सरकार करेगी विशेष प्रावधान
  • स्मारक के निर्माण हेतु मुख्यमंत्री ने की 51 लाख रुपये देने की घोषणा

इस मौके पर उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि विभाजन से संबंधित साहित्य एवं दस्तावेजों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी ताकि लोगों को विभाजन के बारे में जानकारी मिल सके। साथ ही, विभाजन विभीषिका के विषय को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि हमारे पूर्वजों ने जो अत्याचार सहे उनकी जानकारी आने वाली पीढ़ियों को मिल सके।

Back To Top