नागौर में MDMA की अवैध फैक्ट्री पकड़ी:20 करोड़ की ड्रग्स बनाकर सप्लाई करने वाला था; पिस्टल-कारतूस बरामद

नागौर शहर की दीप कॉलोनी में MDMA बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई है। पुलिस ने यहां से करीब 382 ग्राम निर्मित MDMA, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, 3 खाली खोल और नशीले पदार्थ की बिक्री से मिले 1 लाख 80 हजार 500 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री से करीब 5 किलो MDMA तैयार कर सप्लाई करने की तैयारी थी, जिसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मामले में दीप कॉलोनी निवासी महावीर जाट (28) पुत्र हनुमान को गिरफ्तार किया गया है। 16 साल के लड़के को 261 ग्राम MDMA के साथ पकड़ा, फिर फैक्ट्री का खुलासा
पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले मूंडवा चौराहे से 16 साल के एक लड़के को 261 ग्राम MDMA के साथ पकड़ा गया था। उससे पूछताछ और आगे की कार्रवाई के दौरान पुलिस को दीप कॉलोनी में MDMA तैयार किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने दीप कॉलोनी निवासी महावीर जाट के घर पर दबिश दी, जहां MDMA बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। घर में तैयार मिली 382 ग्राम MDMA, बनाने का सामान भी बरामद
तलाशी के दौरान मकान से करीब 382 ग्राम निर्मित MDMA मिली। इसके अलावा MDMA तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, करीब 25 लीटर केमिकल, प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के 100 कैप्सूल, केमिकल की बोतलें और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस को कांच की ट्रे, खाली प्लेटें, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, प्लास्टिक की थैलियां और पाउच समेत कुल 22 तरह की सामग्री मिली। इसके साथ ही ट्राइकोड्रमा टैबलेट भी बरामद हुई हैं। 5 किलो MDMA बनाकर सप्लाई करने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार मौके से मिली सामग्री की मात्रा और सामान को देखते हुए आशंका है कि आरोपी करीब 5 किलो MDMA तैयार कर सप्लाई करने की तैयारी में था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि MDMA बनाने के लिए कच्चा माल कहां से लाया जाता था और तैयार ड्रग्स की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी। पिस्टल, कारतूस और नशे की बिक्री का कैश भी मिला
कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और 3 खाली खोल भी मिले। इसके अलावा नशीले पदार्थ की बिक्री से जुटाए गए 1 लाख 80 हजार 500 रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी महावीर जाट से पूछताछ कर रही है। ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर के तहत कार्रवाई
एसपी आसाराम चौधरी के अनुसार, जिले में ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब MDMA बनाने और सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। कच्चा माल उपलब्ध कराने वाले और तैयार MDMA की सप्लाई में जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी की भूमिका और नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार महावीर कुचेरा थाना क्षेत्र के लूणसरा गांव का रहने वाला है और हाल में नागौर की दीप कॉलोनी में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी में आरोपी के फौज की नौकरी से रिटायर होने के बाद MDMA बनाने और नशे के कारोबार में सक्रिय होने की बात सामने आई थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Back To Top