दौसा शहर के सोमनाथ क्षेत्र स्थित प्रधान नगर में शुक्रवार अलसुबह एक घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्कूटी रातभर चार्जिंग पर लगी हुई थी। सुबह अचानक उसमें आग भड़क उठी, जिससे पूरे मकान में धुआं फैल गया। धुएं और आग की लपटों के कारण घर में मौजूद लोगों की नींद खुली और वे तुरंत बाहर निकल आए। रातभर चार्जिंग पर लगी थी स्कूटी, सुबह उठीं आग की लपटें जानकारी के अनुसार, स्कूटी मालिक रात को वाहन को चार्जिंग पर लगाकर सो गया था। शुक्रवार सुबह अचानक स्कूटी में आग लग गई और देखते ही देखते धुआं पूरे घर में फैल गया। आग की चपेट में आने से घर में रखा कूलर सहित अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। गैस सिलेंडर समय रहते बाहर निकाला, टला बड़ा हादसा घटना के दौरान राहत की बात यह रही कि घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर समय रहते बाहर निकाल लिया गया। यदि सिलेंडर आग की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। परिवार के लोगों और आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से संभावित बड़ा नुकसान टल गया। दमकल ने पाया आग पर काबू, देखने उमड़ी भीड़ सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। धुएं का गुबार देखकर आसपास की कॉलोनियों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से घर में रखा सामान काफी मात्रा में क्षतिग्रस्त हो गया।

