दुर्घटना में घायल भाजपा नेता के भतीजे की मौत:तेज रफ्तार कार ने मारी थी टक्कर; बेटा हॉस्पिटल में भर्ती

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल नरेश राठौड़ (22), जिला संगठन मंत्री, एबीवीपी की शुक्रवार अलसुबह करीब 6 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उनका सिर फट गया था और शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। हालत गंभीर होने पर उन्हें बांसवाड़ा से उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यह हादसा गुरुवार को बांसवाड़ा-परतापुर मार्ग पर बजवाना गांव के पास हुआ था। दोपहर में नरेश राठौड़ और उनके चचेरे भाई मीर राठौड़ बाइक से अपने गांव भीमसौर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नरेश राठौड़ के सिर में गंभीर और अंदरूनी चोटें आई थीं। वहीं हादसे में घायल मीर राठौड़ (28) का इलाज जारी है। उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों युवक भाजपा के पूर्व एसटी मोर्चा महामंत्री धर्मेंद्र राठौड़ के परिवार से हैं। नरेश राठौड़ उनके भतीजे थे, जबकि मीर राठौड़ उनके बेटे हैं। बजवाना गांव के पास तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर गढ़ी थानाधिकारी रमेशचंद्र ने बताया कि घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे बांसवाड़ा-परतापुर मार्ग पर बजवाना गांव के पास हुई। भाजपा के पूर्व एसटी मोर्चा महामंत्री धर्मेंद्र राठौड़ का बेटा मीर राठौड़ और भतीजा नरेश राठौड़ बाइक से गांव भीमसौर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित क्रेटा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा एक तीखे मोड़ पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क से दूर जा गिरे। दुर्घटना में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि मीर राठौड़ के पैर में फ्रैक्चर हो गया। जिला हॉस्पिटल से उदयपुर किया था रेफर दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और एंबुलेंस की मदद से महात्मा गांधी जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर कर दिया। नरेश राठौड़ के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। इलाज के दौरान शुक्रवार अलसुबह गीतांजलि हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई। वहीं मीर राठौड़ का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है और सिर में भी चोट आई है। एबीवीपी में सक्रिय थे नरेश राठौड़ जानकारी के मुताबिक नरेश राठौड़ छात्र संगठन एबीवीपी में लंबे समय से सक्रिय थे। वर्तमान में वे संगठन मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। वहीं हादसे में घायल मीर राठौड़ भी एबीवीपी से जुड़े हुए हैं और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नरेश भाजपा के पूर्व एसटी मोर्चा महामंत्री धर्मेंद्र राठौड़ के बड़े भाई धना राठौड़ के पुत्र थे। हादसे की सूचना के बाद हॉस्पिटल में परिजनों, भाजपा नेताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही। कार और बाइक डिटेन, जांच जारी गढ़ी थानाधिकारी रमेशचंद्र ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुर्घटनाग्रस्त कार और मोटरसाइकिल को डिटेन कर थाने में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार कार सवार मुंबई से जैन मुनि के दर्शन करने डडूका आए थे। वहां से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। ———————————————————————— यह खबर भी पढ़ें…. भाजपा नेता के बेटे-भतीजे को कार ने मारी टक्कर: दोनों के सिर फटे, पैर में फ्रैक्चर; गंभीर हालत में उदयपुर रेफर बांसवाड़ा में तेज रफ्तार कार ने कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भाजपा के पूर्व एसटी मोर्चा महामंत्री का बेटा और भतीजा घायल हो गए। दोनों के सिर फट गए और एक के पैर फ्रैक्चर हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है। (पूरी खबर पढ़ें)
Back To Top