दादी की मौत का झांसा देकर ज्वेलर को ठगा:बैंक में जमा सोना निकलवाने के लिए गहने लिए, 2 महिलाओं पर केस दर्ज

श्रीगंगानगर में एक ज्वेलर्स को दादी की मौत की कहानी सुनाकर लाखों रुपए का सोना हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने दादी की मौत हो जाने और उसका बैंक में जमा सोना निकलवाने का झांसा देकर ज्वेलर्स से सोने के जेवरात ले लिए और अब लौटने से मना कर रही हैं। मामला श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र का है। दादी की मौत होने की बात कही थी न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-1 में दी शिकायत में शिकायतकर्ता वकील सोनी (35) निवासी केदार चौक, श्रीगंगानगर ने बताया कि पुरानी आबादी में विक्की ज्वेलर्स के नाम से उसकी ज्वेलरी की दुकान है। आरोपी ज्योति शर्मा और उसकी सहयोगी हरप्रीत कौर लंबे समय से उनके पास दुकान पर आती-जाती थीं। सात महीने पहले 28 अक्टूबर 2025 को ज्योति शर्मा ने ज्वेलर को बताया कि उनकी दादी का निधन हो गया है और बैंक में लगभग एक किलो सोना जमा है। पारिवारिक विवाद के चलते कोर्ट में कुछ सोना जमा करवाना है। इसलिए उसे सोने की जरूरत है। उनका (दादी) का सोना बैंक से छूटने के बाद ज्वेलरी वापस कर दी जाएगी या ज्वेलर को ही बेच दी जाएगी। झांसे में आकर गहने दे दिए जिसके बाद ज्वेलर वकील ने विश्वास में आकर अलग-अलग तारीखों पर आरोपी महिला को सोने-चांदी के गहने दे दिए। विश्वास दिलाने के लिए ज्योति शर्मा ने बैंक चेक, 25 हजार रुपए ऑनलाइन पेमेंट और टोपस पत्थर भी जमा करवाए। बाद में आरोपी दोनों ने बिल और कार्बन कॉपी भी ले ली, जिसे कोर्ट में पेश करने का बहाना बनाया। लौटाने से मना किया जब शिकायतकर्ता ने आभूषण वापस मांगे तो दोनों आरोपी महिलाएं टालमटोल करने लगीं। बार-बार फोन करने के बावजूद न तो सोना लौटाया गया और न ही पैसे चुकाए गए। जिसके बाद ज्वेलर को शक हुआ कि शुरू से ही उन्हें झूठी कहानी सुनाकर ठगा गया है। इसके बाद ज्वेलर ने कोर्ट में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया। कोर्ट के आदेश पर पुरानी आबादी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई महेंद्र कुमार कर रहे हैं।
Back To Top