जयपुर के जलमहल में बुधवार देर रात एक युवक के छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप मच गया। रात करीब सवा 10 बजे प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक युवक जलमहल की पाल से झील में कूद गया है। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंचीं और झील में युवक की तलाश शुरू की। करीब 2 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। पाल पर मौजूद युवकों ने दी पुलिस को सूचना ब्रह्मपुरी थानाधिकारी बृज मोहन कविया ने बताया कि जलमहल के पास मौजूद 2 युवकों ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक युवक जलमहल में कूद गया है। इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर पानी में युवक की तलाश शुरू की। जलमहल की पाल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- पानी में दिखे युवक के हाथ प्रत्यक्षदर्शी राहुल ने बताया कि रात करीब सवा 10 बजे एक युवक पजामा-टीशर्ट पहने जलमहल की पाल पर आया। कुछ देर बाद उसने अचानक झील में छलांग लगा दी। राहुल के अनुसार, वह चार दोस्तों के साथ चौपाटी पर मौजूद था। सूचना मिलने पर जब वे पाल के पास पहुंचे तो पानी में युवक के हाथ दिखाई दिए, लेकिन कुछ ही पल बाद वह पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद देवेंद्र शर्मा ने भी बताया कि पजामा-टीशर्ट पहने युवक जलमहल की पाल पर आया और अचानक पानी में छलांग लगा दी। युवक के कूदते ही वहां मौजूद लोग उसकी ओर दौड़े, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुका था। शुरुआत में पानी के बीच उसके हाथ नजर आए, जो कुछ ही देर बाद दिखाई देना बंद हो गए। नाइट वॉक कर रहे लोगों ने देखा घटनाक्रम बताया जा रहा है कि उस समय चौपाटी पर नाइट वॉक कर रहे लोगों ने युवक को झील में डूबने से बचने के लिए हाथ-पैर चलाते हुए देखा। इसके बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने नाव व अन्य संसाधनों की मदद से झील में युवक की तलाश शुरू की। देर रात तक नहीं मिला युवक का सुराग करीब 3 घंटे तक पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने जलमहल की झील में सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि देर रात तक युवक का पता नहीं चल सका। — ये खबर भी पढ़ें… होटल की खिड़की से झील में गिरी बच्ची, मौत:दिल्ली से उदयपुर घूमने आया था परिवार, पिता गोद में शव लेकर घर रवाना उदयपुर के जगत निवास होटल की खिड़की से दो साल की बच्ची पिछोला झील में गिर गई। झील में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची के शव को बाहर निकाला गया। घंटाघर थाने के ASI ईशाक मोहम्मद ने बताया- नई दिल्ली के फतहपुर बेरी असोला निवासी सोनू सिंह तंवर (34) अपनी पत्नी डॉ. मोनिका (29) और 2 साल की बेटी धीमही के साथ उदयपुर घूमने आए थे। (पूरी खबर पढ़ें)

