गहलोत बोले- मुख्यमंत्री आरोपों के सबूत दें या माफी मांगें:सीएम बताएं, अनंता रिसॉर्ट को विशेष पैकेज देने में आपकी क्या भूमिका है?

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आरोपों पर पलटवार करते हुए आरोपों के सबूत सामने रखने के लिए कहा। गहलोत ने कहा- सीएम सबूत दें, अन्यथा 24 घंटे में मुख्यमंत्री भजनलाल माफी मांगें। सीएम भजनलाल शर्मा ने जोधपुर में मंगलवार को गहलोत पर किसानों को लूटने, नकली खाद-बीज बेचने सहित कई आरोप लगाए थे। गहलोत ने सीएम के आरोपों पर पलटवार करते हुए IAS शिखर अग्रवाल मामले में जवाब नहीं देने पर सवाल उठाते हुए कमेंट किए हैं। गहलोत ने एक्स पर लिखा- जोधपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बिना तथ्यों के जो अनर्गल बातें कही हैं। उनसे मेरे मन को पीड़ा पहुंची है। उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर मेरे बारे में एकदम झूठे आरोप लगाकर जो कपोल-कल्पित कहानी प्रचारित की है। मुझे आशा है कि उसका पूरा विवरण, तथ्यों और दस्तावेज सहित वे मुझे भी देंगे और प्रदेश की जनता के सामने भी रखें, अन्यथा 24 घंटे में माफी मांगें। मुख्यमंत्री बौखला गए और भाषा की मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ गए गहलाते ने लिखा- ऐसा लगता है कि अपराधबोध से ग्रसित होकर मुख्यमंत्री बौखला गए और भाषा की मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ गए। इस प्रकार उन्होंने इन आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए जनता को भ्रमित करने का असफल प्रयास किया है। शिखर अग्रवाल मामले में सच्चाई सामने रखें सीएम गहलोत ने लिखा- मैं तो उम्मीद कर रहा था कि लोकतांत्रिक मर्यादा के अनुरूप मुख्यमंत्री के एसीएस रहे IAS शिखर अग्रवाल पर विला खरीद को लेकर वे खुद मीडिया में सार्वजनिक रूप से लग रहे मिलीभगत के आरोपों पर सच्चाई जनता को बताएंगे। इस मामले में मुख्यमंत्री की संदिग्ध भूमिका को लेकर असलियत प्रदेश की जनता को बताएंगे, क्योंकि अनंता कंपनी को विशेष छूट देने का फैसला जिस बोर्ड की बैठक में हुआ, उसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री खुद हैं। एसीबी के बजाय सीबीआई को सौंपे जांच गहलोत ने लिखा- मुख्यमंत्रीजी, सवाल अब भी वही है। आखिर इस मामले की जांच आप अपने अधीन एजेंसी एसीबी की बजाय केंद्रीय एजेंसी सीबीआई को क्यों नहीं सौंप रहे? डोटासरा बोले- जवाब तथ्यों से देना चाहिए, व्यक्तिगत आरोपों से नहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर लिखा- मुख्यमंत्री भजनलाल जी, जब आपकी सरकार, आपके मुख्यमंत्री कार्यालय और उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हों, तो स्वाभाविक रूप से जवाबदेही भी आपकी बनती है। यह अच्छी बात है कि आरोपों के बाद कार्रवाई होती दिखाई दे रही है। लेकिन सवाल यह भी है कि इस कार्रवाई का अंतिम परिणाम क्या होगा और क्या वास्तव में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होकर जिम्मेदारी तय होगी? लेकिन आज पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोतजी को लेकर मुख्यमंत्री की भाषा और उनके द्वारा लगाए गए व्यक्तिगत आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ आपके पास इतने गंभीर आरोपों से जुड़े तथ्य और प्रमाण थे, तो 3 साल तक आप मौन क्यों रहे? आज ही इन आरोपों को सार्वजनिक करने की आवश्यकता क्यों महसूस हुई? कहीं ऐसा तो नहीं कि जब सवालों की आंच आपके अपने ऑफिस और आपकी जवाबदेही तक पहुंचने लगी, तो चर्चा का रुख मोड़ने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री पर नए आरोपों की झड़ी लगा दी गई? यदि आपके आरोपों में कोई सच्चाई है, तो आपके पास सत्ता है, सरकार है और पूरी प्रशासनिक मशीनरी है। तथ्यों और प्रमाणों के साथ उन्हें सार्वजनिक कीजिए और कानून के अनुसार कार्रवाई कीजिए। लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियां और बिना प्रमाण के आरोप लगाकर अपनी सरकार तथा अपने कार्यालय से जुड़े सवालों से बचा नहीं जा सकता। जूली बोले- गहलोत पर लगाए बेबुनियाद आरोपों पर माफी मांगें मुख्यमंत्री नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सीएम भजनलाल शर्मा पर पलटवार करते हुए माफी मांगने को कहा है। जूली ने एक्स पर लिखा- पूर्व सीएम अशोक गहलोत का लंबा सार्वजनिक जीवन बेदाग और आदर्शों से परिपूर्ण रहा है। जब भजनलाल शर्मा ने साल 2003 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा, जिसमें उनकी जमानत जब्त हो गई थी। तब तक गहलोत 5 बार सांसद और 3 बार केंद्रीय मंत्री रह चुके थे और राजस्थान के मुख्यमंत्री थे। जूली ने लिखा- आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन पर जिस प्रकार के मिथ्या आरोप लगाए, वे अपने अतिरिक्त मुख्य सचिव रहे अधिकारी के साथ मिलीभगत के आरोप लगने के बाद उनकी बौखलाहट को दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री के आज के बयान राजस्थान की राजनीति का स्तर गिराने वाले हैं। उन्हें ऐसे बयानों के लिए अविलंब माफी मांगनी चाहिए। ये खबर भी पढ़ें
मुख्यमंत्री का गहलोत पर निशाना, आप किसानों को लूटते थे:खाद-बीज की दुकान में नकली माल बेचते थे; जो कहेंगे उसका पूरा जवाब दूंगा, कसर नहीं छोड़ूंगा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा- आपकी खाद-बीज की दुकान थी, किसानों को लूटते थे। मैं ब्रजवासी हूं, आप जो कहेंगे, उसका पूरा जवाब दूंगा और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। (पूरी खबर पढ़ें)
Back To Top