कचरा फैलाने से रोका तो सफाई निरीक्षक को मारा थप्पड़,VIDEO:नगर परिषद के गेट पर फेंका वेस्ट, ऑटो टिपर ड्राइवरों का आरोप-काम से निकालने की धमकी दी

खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी नगर परिषद के सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा के साथ एक युवक ने हाथापाई कर दी। इस दौरान कॉलर पकड़कर धक्का मुक्की भी की गई। घटना शुक्रवार दोपहर एक बजे की है। ऑटो टिपर ड्राइवरों का आरोप है कि एक्सचेंज डंपिग यार्ड में ग्रामीण उन्हें कचरा नहीं डालने दे रहे हैं। मगर अधिकारी उन्हें जबरदस्ती वहां भेज रहे हैं। यहां तक कि काम से निकालने की धमकी दे रहे हैं। इसके विरोध में ऑटो टिपर ड्राइवर नगर परिषद में कचरा डालने के लिए इकठ्ठा हुए थे। इस पर मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा ने ऑफिस का मुख्य गेट बंद कर दिया। जिसे खुलवाने को लेकर विवाद हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक युवक सफाई निरीक्षक के सिर पर थप्पड़ मारता है। इसके बाद उनकी कॉलर पकड़कर गर्दन पकड़ लेता है। आसपास के लोगों ने दोनों को अलग किया। यहां देखें घटना से जुड़ी तस्वीरें…. आरोप- कचरा डालने गए टिपर ड्राइवरों को गांव वालों ने धमकाया बाबा मोहनराम कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र विधूड़ी ने बताया- नगर परिषद की ओर से रामपुर मुंडाणा में एक्चेंज डंपिग यार्ड बनाया गया है। ऑटो टिपर ड्राइवर 24 जून को कचरा लेकर डंपिंग यार्ड पहुंचे तो वहां ग्रामीणों ने उन्हें कचरा डालने से मना कर दिया। इस पर टिपर ड्राइवरों ने वापस आकर मुख्य सफाई निरीक्षक से शिकायत की थी। इस पर सफाई निरीक्षक ने अगले दिन मौके पर आने के लिए कहा। गुरुवार को जब सफाई निरीक्षक मौके पर पहुंचे तो उनके सामने ही गांव कुछ महिलाएं लाठियां लेकर आ गईं। इस दौरान भी टिपर ड्राइवरों को कचरा नहीं डालने दिया गया। साथ ही हाथपाई भी की गई। ऑटो टिपर ड्राइवर का आरोप-काम से निकालने की धमकी दी शुक्रवार को सुबह जब ऑटो टिपर ड्राइवरों को कचरा डालने के लिए एक्चेंज डंपिंग यार्ड भेजा गया तो फिर से गांव वालों ने धमकाकर उन्हें वापस भगा दिया। शिकायत लेकर जब ऑटो टिपर ड्राइवर नगर परिषद पहुंचे तो उन्हें काम से निकालने की धमकी दी गई। इस पर नाराज ऑटो टिपर ड्राइवर नगर परिषद में घुसने की कोशिश करने लगे। इस पर सफाई निरीक्षक ने गेट बंद कर दिया। जिससे विवाद बढ़ गया। सफाई निरीक्षक बोले-लापरवाही से काम कर रहे ड्राइवरों को समझाया था मामले को लेकर सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा ने कहा- कुछ ऑटो टिपर ड्राइवर लापरवाही से काम कर रहे थे। सुबह उन्हें समझाया गया था। दोपहर करीब 1 बजे स्थानीय युवक देवेंद्र बिधूड़ी के नेतृत्व में 8-10 ऑटो टिपर ड्राइवर और अन्य युवक परिसर पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट पर ताला लगाने की कोशिश की। जब मैने ने उन्हें रोका, तो उन पर लात-घूंसे और थप्पड़ों से हमला किया गया। अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मुझे बचाया। भिवाड़ी नगर परिषद के गेट पर फैलाया कचरा विवाद के बाद दो ऑटो टिपर का कचरा मुख्य गेट के सामने फैला दिया। बाकी ऑटो टिपर को मौके पर खड़ा दिया। साथ ही उनकी चाबी भी साथ ले गए। जिससे आने जाने का रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। घटना की सूचना के बाद भिवाड़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। मगर तब तक ऑटो टिपर ड्राइवर और बाकी लोग मौके से निकल चुके थे। भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया-नगर परिषद के संबंधित अधिकारी से बात हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर बोले-आरोपियों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा-नगर परिषद कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। सभी आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामला दर्ज करवाया जाएगा। … यह खबर भी पढ़ें बदमाशों ने गेस्ट हाउस में घुसकर कर्मचारियों को पीटा,VIDEO:लाठी-सरियों से किया हमला, जान से मारने की धमकी दी; 3 गिरफ्तार सीकर के खाटूश्यामजी में बदमाशों ने गेस्ट हाउस में घुसकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को पीटा। कर्मचारी पहले मारपीट करने वाले लोगों के गेस्ट हाउस पर काम करते थे। (पढ़ें पूरी खबर)
Back To Top