आज 3 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी:बाड़मेर में 3 इंच तक पानी बरसा; कमजोर पड़ा मानसून दो दिन बाद फिर एक्टिव होगा

राजस्थान में मानसून अब कमजोर होने लगा है। शनिवार को कुछ जिलों में धूप रही, जिससे उमस-गर्मी बढ़ गई। जोधपुर संभाग के एरिया में अच्छी बारिश हुई। जालोर, बाड़मेर, पाली, जोधपुर में 1 से 3 इंच तक बरसात हुई। सबसे ज्यादा पानी बाड़मेर के सेड़वा में बरसा। वहीं, मौसम विभाग ने 26 जुलाई को 3 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 27 जुलाई को अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहेगा। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में मानसून फिर से एक्टिव होने की संभावना है। सबसे पहले- प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून की बड़ी अपडेट्स बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम: मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की तरफ शिफ्ट हो गई, जिससे राज्य के पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर अब कमजोर हो गया। बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर सिस्टम विकसित हुआ है, जो अब धीरे-धीरे पश्चिम की तरफ बढ़ेगा, जिसके असर से 28 जुलाई से राज्य के पूर्वी जिलों में बारिश की ग​तिविधियां फिर से शुरू होगी। 3 इंच से ज्यादा बारिश: पिछले 24 घंटे में बाड़मेर के सेड़वा में 90MM, बायतू में 49, नाकौड़ा में 57, चौहटन में 41, बटाडू में 64, कल्याणपुरा में 67, पाली के रोहट में 21, जालोर के रानीवाड़ा में 50, भीनमाल में 25, जोधपुर के शेरगढ़ में 38, तिंवरी में 18, उदयपुर के गोगुंदा में 19MM बरसात दर्ज हुई। इसके अलावा जैसलमेर में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम साफ, गर्मी-उमस बढ़ी: शनिवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर संभाग के ज्यादातर एरिया में दिनभर मौसम साफ रहा। मौसम के इस बदलाव से कई जिलों के तापमान में बढ़ोतरी हुई। बारिश नहीं होने से गर्मी-उमस भी बढ़ गई। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजस्थान के मौसम की PHOTOS… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के बड़े शहरों का मौसम जयपुर: शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और थोड़ी बूंदाबांदी हुई। कुछ देर के लिए धूप भी निकली। बूंदाबांदी के कारण जयपुर में गर्मी के साथ उमस बढ़ गई। कल अधिकतम तापमान बढ़कर 32.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर: सुबह बादल छाए और हल्की हवा चली। सीकर में बने हाई एयर प्रेशर सिस्टम की वजह से इस बार बारिश कमजोर है। हालांकि कुछ ग्रामीण इलाकों में बूंदाबांदी हुई। सीकर जिले में अगले सप्ताह में 3-4 दिन बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। अलवर: जिले में शनिवार को बारिश नहीं हुई। दिनभर कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। अलवर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री रहा। मौसम सुहावना रहने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तेज बारिश की संभावना है। जोधपुर: पिछले 24 घंटों में 18.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली और वातावरण में ठंडक बनी रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। अजमेर: शनिवार को पूरे दिन मानसून का असर देखने को मिला। सुबह से ही रुक-रुककर रिमझिम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8:30 बजे तक 4.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। उदयपुर: शहर में अधिकांश इलाकों में बारिश हुई। मौसम केंद्र डबोक के अनुसार उदयपुर का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम एक्सपर्ट ने आने वाले दिनों में भी उदयपुर में तेज बारिश की संभावना जताई है। कोटा: शनिवार भी बादल छाए रहे शहर के कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। दिन का तापमान 1 डिग्री तक गिर गया। हालांकि गर्मी व उमस से लोग परेशान रहे। शनिवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
Back To Top