ECG टेक्नीशियन सुसाइड केस में 10 बिंदुओं पर होगी जांच:JK लोन हॉस्पिटल में 13 दिन का ड्यूटी रजिस्टर-CCTV और मोबाइल रिकॉर्डिंग खंगालेगी पुलिस

कोटा के जेके लोन अस्पताल में कार्यरत ECG टेक्नीशियन सतीश कुमार के सुसाइड मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सुसाइड केस में पुलिस ने जांच के 10 अहम बिंदु तय किए हैं। पुलिस अस्पताल में उनकी 13 दिन की ड्यूटी का रिकॉर्ड खंगालेगी। इसके लिए ड्यूटी रजिस्टर, CCTV फुटेज और सतीश के मोबाइल की कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग की जांच की जाएगी। पुलिस इस मामले में अस्पताल में उसकी ड्यूटी, काम के घंटे, अधिकारियों के व्यवहार और सुसाइड से पहले हुई बातचीत समेत कई पहलुओं की पड़ताल करेगी। दरअसल, सतीश ने शुक्रवार को महात्मा गांधी कॉलोनी स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उसने सुसाइड नोट छोड़ा था। इसमें अस्पताल में लगातार 13 दिन ड्यूटी करवाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। मेडिकल बोर्ड से शव का कराया पोस्टमॉर्टम सुसाइड नोट में अस्पताल के नर्सिंग अधीक्षक और जेके लोन अधीक्षक समेत तीन अधिकारियों के नाम सामने आए थे। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं, मामले के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल ने तीनों अधीक्षकों को उनके पदों से हटाकर एपीओ कर दिया था। शनिवार को मेडिकल बोर्ड से सतीश के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। अब पुलिस पूरे मामले में साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी। ड्यूटी रजिस्टर से 13 दिन का रिकॉर्ड जांचेगी पुलिस पुलिस सबसे पहले अस्पताल के ड्यूटी रजिस्टर को कब्जे में लेकर जांच करेगी। इसमें पता लगाया जाएगा कि सतीश की लगातार 13 दिन तक ड्यूटी लगाई गई थी या नहीं। उसकी ड्यूटी का समय क्या था और रोजाना कितने घंटे काम करवाया जा रहा था। अस्पताल के नियमों के अनुसार, कर्मचारियों की कितने दिन दिन की शिफ्ट और कितने दिन रात की शिफ्ट होती है, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। 13 दिन की CCTV रिकॉर्डिंग खंगाली जाएगी अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच का अहम हिस्सा होगी। पुलिस 13 दिनों का फुटेज लेकर यह पता लगाएगी कि सतीश किस समय अस्पताल पहुंचता था और कितने बजे ड्यूटी खत्म कर बाहर निकलता था। वह रोजाना कितने घंटे अस्पताल में रहता था, इसकी पुष्टि CCTV फुटेज से की जाएगी। ड्यूटी रजिस्टर में दर्ज समय और CCTV रिकॉर्डिंग का मिलान भी किया जाएगा। मोबाइल कॉल और रिकॉर्डिंग से पता लगाएगी शिकायतों का सच पुलिस सतीश के मोबाइल की भी जांच करेगी। इसमें कॉल डिटेल, उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य बातचीत के आधार पर पता लगाया जाएगा कि उसने ड्यूटी को लेकर किन अधिकारियों से संपर्क किया था। उसने कितनी बार अधिकारियों को अपनी परेशानी बताई और किससे शिकायत की थी। सुसाइड नोट में जिन अधिकारियों के नाम लिखे हैं, उनसे सतीश की कब और कितनी बार बातचीत हुई, इसकी भी पड़ताल होगी। अस्पताल के स्टाफ से होगी पूछताछ पुलिस ECG विभाग में तैनात कर्मचारियों की संख्या, उनकी ड्यूटी और काम के बंटवारे की जानकारी जुटाएगी। स्टाफ से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि सतीश कितने घंटे काम कर रहा था और उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों को उसकी परेशानी के बारे में जानकारी थी या नहीं। अस्पताल में किस अधिकारी के पास ड्यूटी लगाने और कर्मचारियों से काम करवाने की जिम्मेदारी थी, यह भी जांच के दायरे में रहेगा। मेडिकल विभाग की टीम भी करेगी जांच इस पूरे प्रकरण में मेडिकल विभाग की ओर से भी एक जांच टीम गठित की जाएगी। टीम अस्पताल के रिकॉर्ड, ड्यूटी व्यवस्था और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी। यह रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी, ताकि पुलिस अपनी जांच में संबंधित तथ्यों और निष्कर्षों को शामिल कर सके। सुसाइड नोट सबसे पहले किसे भेजा, इसकी भी पड़ताल पुलिस यह भी पता लगाएगी कि सतीश ने सुसाइड नोट सबसे पहले किस व्यक्ति को भेजा था और उसके बाद किससे क्या बातचीत हुई। सुसाइड से पहले उसने अपनी परेशानी, मानसिक तनाव और ड्यूटी को लेकर किन लोगों को जानकारी दी थी, इसकी जांच मोबाइल के जरिए की जाएगी। परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल का नक्शा मौका भी तैयार किया जाएगा। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर जांच करेगी। खास तौर पर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि सतीश को वास्तव में लगातार 13 दिन ड्यूटी करनी पड़ी थी या नहीं और उसने जिन अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए, उनकी भूमिका क्या थी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————– मामले जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… लगातार ड्यूटी से परेशान हॉस्पिटल कर्मचारी फंदे से लटका:सुसाइड नोट में लिखा- नौकरी खराब करने की धमकी दी; अस्पताल अधीक्षक समेत 3 अधिकारी APO कोटा के जेके लोन हॉस्पिटल में कार्यरत ECG टेक्नीशियन सतीश कुमार चांदसी ने घर पर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह पत्नी पूजा ने पीहर से फोन किया तो सतीश कुमार ने उठाया नहीं। (पूरी खबर पढ़ें…) ECG टेक्नीशियन सुसाइड केस में तीन अधिकारियों पर केस दर्ज:पद से हटाए गए, 13 दिन लगातार ड्यूटी करवाने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप
Back To Top