नमस्कार, पीसीसी चीफ ने सीकर में कहा कि एक पार्टी वाले DJ बजाकर डिस्टर्ब कर रहे हैं। सवाई माधोपुर के होटल में बाड़ेबंदी के दौरान जिला उपाध्यक्षजी ने गिलास उठाया तो हंगामा हो गया। CET एग्जाम से परेशान एक अभ्यर्थी ने RSSB अध्यक्ष का दशानन अवतार शेयर कर दिया और उदयपुर में टनल में कुछ लोगों ने पटाखे फोड़ दिए। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. दिग्गजों के बीच DJ वाली जंग सीकर में चीफ साहब चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा में DJ का मुद्दा चल रहा था। उन्होंने RLP पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि ये लोग पैकेज ले लेकर आ रहे हैं। पहले तो नहीं आते थे। चुनाव लड़ो लेकिन विचारधारा तो बताओ। आपने क्या काम किए वो तो बताओ। बस, लक्ष्मणगढ़ जैसे शांत एरिया को अशांत मत करो। फिर वे डीजे की बात पर आए। बोले- वो नाटक देखा आपने? पांच-छह गाड़ियां उधर से आ रही हैं। डीजे बज रहा है। ये चाहते हैं कि सबको डिस्टर्ब करें। इनका प्लान कांग्रेस को डिस्टर्ब करने का है। वोट इनको मिलेंगे नहीं, जीतकर इनका एक नहीं आएगा। ये चाहते हैं कि कांग्रेस को कमजोर करें और बीजेपी से ईनाम लें। फिर चीफ साहब को इंडिया गठबंधन के दिनों की याद आ गई। जब बीते लोकसभा चुनाव में डीजे और गमछा एक साथ लहराए थे। वे बोले- हम सबने मिलकर चुनाव लड़ा था, 99 सीटें आई थीं। बेनीवालजी सांसद बने थे। अमरारामजी भी सांसद बने थे। बीजेपी के खिलाफ काम करना है तो मिलकर करना होगा। एक दूसरे पर लांछन क्यों लगाएं? चीफ साहब डीजे से डिस्टर्ब भी हैं और डीजे पर डांस भी करना चाहते हैं। उधर, नागौर में भाजपा के पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा जी चुनावी सभा को संबोधित करने मंच पर चढ़े। माइक लिया। लेकिन इतनी ही देर में नजदीक कहीं डीजे बजने लगा। वे बोले- ये रेडियो किसने बजा दिया? कोई ‘बोतल वाला’ तो नहीं है। चुनाव में बोतल वाले कीं-कीं करने लगते हैं। वो देखो, कर दिया। अब बात नहीं होने देंगे। श्रोता उनके अंदाज पर हंसने लगी। वे फिर बोले- ये लोग जान-बूझकर बजाते हैं। क्या करें इनका? डोटासराजी की तरह रिछपाल मिर्धा जी भी डीजे से डिस्टर्ब होने लगे। फिर किसी को पुकारकर आदेश जैसा दिया-अरे यार बंद कराओ इसे। आवाज बंद तो हुई नहीं, बल्कि डीजे वालों ने आवाज ऊंची और कर दी। 2. जिला उपाध्यक्ष की ‘प्रशिक्षण’ वाली ‘तस्वीर’ जहां-जहां चुनाव हो चुके हैं। वहां से चुनाव लड़ने वाले सदस्यों को बस में भरकर होटलों में पहुंचा दिया जाता है। ताकि नतीजा आने के बाद विरोधी दलों के लोग माननीय सदस्यों की बोली लगाना शुरू न करे दें और समीकरण न बिगड़ जाए। इसलिए बोर्ड-प्रधान-प्रमुख आदि बनाने के लिए जो प्रक्रिया अपनाई जाती है उसे सभ्य भाषा में सदस्यों की बाड़ेबंदी कहा जाता है। हालांकि राजनीतिक दल बाड़ेबंदी शब्द को तुच्छ मानते हैं। वे इसी प्रक्रिया को पार्टी संगठन की रीति-नीति समझाने वाला प्रशिक्षण शिविर कहते हैं। तो अजमेर से माननीय सदस्यों को सवाई माधोपुर के एक निजी होटल में पहुंचा दिया गया। वहां ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू हो गया। ट्रेनिंग के तहत बोतल की व्यवस्था की गई। हालांकि यह बोतल किसी पार्टी के चुनाव चिह्न वाली बोतल नहीं थी। बोतल में महंगा पेय पदार्थ था। जिसे खुशी या गम में इस्तेमाल किया जा सकता था। लेकिन एक माननीय सदस्य ने साहसिक कदम उठाते हुए इसे ट्रेनिंग के दौरान इस्तेमाल करने का कड़ा फैसला लिया। माननीय सदस्य को पार्टी ने जिला देहात के उपाध्यक्ष का पद दिया हुआ है। मान्यवर की पत्नी जिला परिषद का चुनाव लड़ चुकी हैं। माननीय को जिला प्रमुख बनने का पूरा भरोसा है। शायद इसी खुशी में बोतल का कसैला पदार्थ गिलास में भर लिया गया। प्रशिक्षण ले रहे दूसरे साथियों में कुछ ऐसे भी रहे होंगे, जिनकी महत्वकांक्षाएं माननीय उपाध्यक्षजी के टक्कर की रही हों। लिहाजा जेब से मोबाइल निकला। पेय का आनंद लेते माननीय की तस्वीर खींची गई और सोशल मीडिया पर बिना रुकावट या खेद के प्रसारण कर दिया गया। इस तरह तस्वीर ने हड़कंप मचा दिया। चर्चा है कि देहात जिला उपाध्यक्षजी पूर्व में जुआ खेलते पकड़े जा चुके हैं। अब सुना है कि कमेटी बैठकर तय करेगी कि माननीय का प्रशिक्षण कहां तक पहुंचा और एक रिपोर्ट कार्ड तैयार कर उसे ऊपर भेजा जाएगा। 3. RSSB अध्यक्ष को बना दिया ‘दशानन’ कॉम्पीटिशन की तैयारी कर-करके अभ्यर्थी की नौकरी लगे या न लगे, लेकिन उनमें क्रिएटिविटी बढ़िया आ जाती है। CET एग्जाम से परेशान एक अभ्यर्थी ने सीधा RSSB अध्यक्ष पर तगड़ा तंज कर दिया। सीईटी समान पात्रता परीक्षा है। जो विभिन्न सरकारी नौकरियों या शिक्षण/व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश पाने के लिए प्रारंभिक योग्यता तय करती है। अभ्यर्थी ने AI से अध्यक्षजी का दशानन अवतार बनाया और ट्वीट करते हुए अपनी पीड़ा भी साथ ही व्यक्त कर दी। लिखा- माफ कीजिएगा, आपका सिस्टम न तो नौकरी दे रहा है, और न हम बेरोजगारों को कोई और उपाय करने करने दे रहा है। स्कूल में कदम रखने के बाद से अब तक एग्जाम ही दे रहे हैं। अब ये सीईटी आ गया। अध्यक्षजी ने ट्वीट की रिट्वीट करते हुए मीम की तारीफ की। साथ ही फोटो पर विचार करने की अपील कर दी। जोश-जोश में रीट लेवल वन वाले किसी अभ्यर्थी ने दूसरी फोटो चिपका डाली। जिसमें अध्यक्षजी साधु के वेश में तपस्या लीन। फोटो पर लिखा- ये चमत्कारी तस्वीर है। इसको और लेवल-वन को इग्नोर किया तो पाप लगेगा। खैर, अभ्यर्थी एग्जान निकाल पाएं या न निकाल पाएं। कॉम्पीटिशन एग्जाम का मार्केट बढ़िया चल रहा है। अब तो ऑनलाइन शिक्षक भी खूब चांदी कूट रहे हैं। 4. चलते-चलते.. छुटि्टयों में सिविक सेंस भी छुट्टी पर चला गया था। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने उदयपुर में नेशनल हाईवे 58 पर आने वाली चिरवा टनल में कार रोकी और पटाखे निकाल लिए। इन्हें दीपावली की खुशियां अलग तरीके से मनानी थी। इसलिए टनल के अंधेरे में आती-जाती गाड़ियों के बीच कार से पटाखे निकालकर टनल में आतिशबाजी शुरू कर दी। पटाखों से निकला धुआं पूरी टनल में भरा गया। कार वाले लोग नजारे का आनंद लेने लगे। सुरंग के अंदर धमाका कितना खतरनाक हो सकता है, इसका तो इन्हें अंदाजा ही नहीं था। धुआं के कारण ड्राइवरों को रास्ता दिखने में परेशानी हुई होगी। सबसे बड़ी बेवकूफी तो टनल के बीच कार रोकने में ही थी। भला हो जो किसी वाहन के चपेट में आने से बच गए। इनपुट सहयोग- सुनील जैन, भरत मूलचंदानी (अजमेर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

