CM बोले-सरकार ने ऐसा कोई काम नही किया,जिससे सिर झुके:पिछली सरकार के कारनामे रोज सामने आ रहे, कार्रवाई करके जेल में डाल रहे है

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- उनकी सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया है जिससे उनका सिर झुक जाए। उन्होंने कहा, “चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की सरकार, हम राजस्थान और देश के हित में काम कर रहे हैं। इसलिए सामने वाले को पूरी ताकत से जवाब दीजिए।” सीएम भजनलाल शर्मा आज सीएमआर में पीएम मोदी के ‘मन की बात’ को सुनने के बाद युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने युवा नेताओं से कहा- हम जनता की सेवा के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। हमने कोई भी काम ऐसा नहीं किया, जिससे आपको झुकना पड़े। इसलिए सीना तानकर जनता के बीच जाइए। पिछली सरकार के रोज कारनामे निकल रहे हैं, सीएम भजनलाल शर्मा ने पिछली सरकार पर निशाना साधा। सीएम ने कहा- पिछली सरकार में पेपर लीक की क्या स्थिति थी, यह सभी जानते हैं। आज करीब 400 से ज्यादा लोग पेपर लीक के आरोप में जेल में हैं। हमने कहा था कि ऐसे लोगों को माफ नहीं किया जाएगा, जिन्होंने युवाओं की आंखों में खून के आंसू दिए। आप लगातार देख रहे हैं, पिछली सरकार के रोज नए कारनामे निकल रहे हैं, जिन पर उनकी सरकार कार्रवाई कर रही है। ऐसे लोगों को जेल में डालने का काम उनकी सरकार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में 350 से ज्यादा पेपर हुए हैं, लेकिन अभी तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। सीएम ने युवाओं से गांव-गांव जाकर लोगों को विश्वास दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा- हमने जो कहा है, वो हम करके दिखाएंगे।
युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने साइकिल चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश सीएमआर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गोरा के साथ बड़ी संख्या में युवा मोर्चा पदाधिकारी साइकिल चलाकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पर्यावरण और ईंधन बचाने का जो आह्वान किया है, उसे धरातल पर सार्थक करने की दिशा में भाजयुमो का यह एक अहम कदम है। युवाओं ने इस यात्रा के जरिए यह संदेश दिया कि दैनिक जीवन में छोटी-छोटी पहलों से प्रकृति संरक्षण में बड़ा और सकारात्मक योगदान दिया जा सकता है। संवाद कार्यक्रम में राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
Back To Top