नमस्कार, सांसद, प्रदेशाध्यक्ष और जिला अध्यक्ष पर चौथाराम जी खूब भड़के, मुर्दाबाद तक के नारे लगा दिए। टोंक में कलेक्टर साहिबा ने पर्चा भराया तो ‘टाइम चोरी’ का हल्ला हो गया। जैसलमेर में अब जेन-Z का मतलब जिला प्रमुख है और जयपुर में एक और लड़की ने एक पुलिस अफसर पर अभद्रता का आरोप लगा दिया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. अपनों पर भड़क उठे ‘चौथाराम’ चौथाराम जी भड़क उठे। उन्हें उम्मीद थी कि जिला प्रमुख के लिए पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाएगी। लेकिन उम्मीद के फर्रे-फर्रे हो गए। चौथाराम जी को समझना चाहिए कि उनसे पहले पहलाराम जी, दूजाराम जी और तीजाराम जी का नंबर है। डायरेक्ट चौथाराम सबसे पहले थोड़े आ जाएंगे। वे चौथे स्थान पर ही आएंगे। हां, राजनीति में विशेष परिस्थितियों में चौथाराम जी का नंबर सबसे पहले आ जाता है। ऐसे में चौथाराम जी की शंकरी बनाकर बड़े-बड़े नेता कारों में लेकर घूमते हैं। उन पर हर कोई नोटों की बारिश करने का ऐलान करता है। उसे गहनों की तरह छुपाकर रखा जाता है। पाली में ऐसी कोई परिस्थिति नहीं थी। लिहाजा कद्दावर नेताजी को अनदेखा कर दिया गया। जो कार्यकर्ता जितनी गहराई से पार्टी से जुड़ा होता है, अनदेखी पर उसका दुख भी उतना ही बड़ा होता है। चौथाराम जी भी दुखी थे। ऐसे में दुख और क्रोध में वे नारे लगाने लगे- फलां सांसद मुर्दाबाद, अमुक प्रदेशाध्यक्ष मुर्दाबाद, अमुक जिलाध्यक्ष… कोई बात नहीं चौथाराम जी, आप डटे रहो। कभी न कभी आपका दिन आएगा। इस चुनाव में तो वैसे भी आपकी पार्टी का ‘चौथा’ ही हो गया है। अब आगे की सुध लीजिए। 2. इस बार ‘टाइम चोरी’? टोंक में ऐन वक्त पर भाजपा की जिला प्रमुख कैंडिडेट लगभग भागते हुए जिला कलेक्टर के समक्ष पहुंचीं। साथ में जिला महामंत्री दिशा दिखाते हुए चल रहे थे। एक साथी युवा कैंडिडेट को धकियाते हुए ला रहा था। यूं तो 11 बजे और 11 बजकर 3 मिनट में ज्यादा फर्क नहीं होता। लेकिन जब 11 बजे का वक्त नामांकन भरने की समय सीमा हो तो उससे ऊपर एक-एक सेकेंड पर रार होना संभव है। ऐसे में कांग्रेस के जिला सह प्रभारी ने मीडिया को इकट्ठा कर लिया और चिल्लाकर बोलने लगे। कहा- प्रशासन की ये कैसी रीति नीति है। जिला कलेक्टर ने समय सीमा समाप्त होने के बाद भी भाजपा प्रत्याशी का पर्चा कैसे भरा दिया? देर होने को लेकर कैंडिडेट की महिला साथी ने जवाब दिया। कहा- हमें पता ही नहीं था कहां जाना है? पहले इधर गए, फिर उधर गए। आशा थी कि वे इधर गए, उधर गए के बाद ‘फिसल गए’ का उच्चारण करेंगी। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं करते हुए साफ मन से कहा कि थोड़े लेट हो गए थे। लेट होने की मुहर लगते ही पत्रकार भाजपा जिला महामंत्री की ओर भागे और सवाल दागा कि समय समाप्त होने के बाद आपके प्रत्याशी का पर्चा भरवाया गया है। जिला महामंत्री इत्मीनान से बोले- कांग्रेस का तो काम ही है आरोप-प्रत्यारोप करना। ये लोग पहले कहते थे कि ईवीएम हैक कर ली। ये भी कहते थे कि वोट चोरी हो गई। एक पत्रकार ने बात काटते हुए कहा- इस बार तो टाइम चोरी हो गया। जिला महामंत्री ‘ना ना ना ना’ करने लगे। आशा थी कि वे ‘ना ना ना ना’ के बाद ‘साडे नाल रवोगे तो ऐश करोगे’ का उच्चारण करेंगे। लेकिन… 3. जेन-Z यानी जिला प्रमुख जेन-जी खूब कमाल कर रहे हैं। जैसलमेर में कांग्रेस ने 21 साल की संतोष कुमारी को जिला प्रमुख बना दिया। वह भी निर्विरोध। बीए पास संतोष सबसे युवा जिला प्रमुख हैं। पत्रकार ने उनसे पूछा- इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभाल लेंगी? भाईसाहब, अल्फा और जेन-जी सब संभाल लेंगे। चिंता करने की जरूरत नहीं। 15 साल के अल्फा वैभव सूर्यवंशी ने दुनियभार के गेंदबाजों की हालत पतली कर रखी है। रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़ रहा है। तो जिला प्रमुख साहिबा तो जेन-जी हैं। हमने प्रौढ़ों और बुजुर्गों को भी शासन-प्रशासन संभालते देखा है। ढंग का काम तो कोई नहीं कर रहा। वरना दोनों प्रमुख दलों की ये हालत नहीं होती कि 5 साल तुम चलो फिर 5 साल हम चलते हैं। अब यंग जनरेशन से ही उम्मीद है। संतोष कुमारी ने पत्रकार का सवाल सुना और सजह भाव से जवाब दे दिया- जनता और आपके सहयोग से उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। 4. चलते-चलते.. वंदना राठौड़ जयपुर में फिटनेस सेंटर चलाती हैं। सेंटर के बाहर एक सज्जन अपनी कार पार्क कर रहे थे। वंदना ने उन्हें कहा कि यहां कार खड़ी मत करो। बस इतने में सज्जन ने अपना असली रूप दिखा दिया। बोले- तेरे जैसे लोग मेरे घर पोंछा लगाने आते हैं। तू ACP के पास जा और पूछ कि मुकेश चौधरी कौन है? वंदना के भाई पराक्रम ने बताया- वह व्यक्ति अपने आप को डीएसपी बता रहा था। सेंटर के बाहर लोग बेतरतीब ढंग से कार पार्किंग में लगा जाते हैं। इससे दिक्कत होती है। वंदना ने उन्हें गाड़ी हटाने को कहा तो अभद्र भाषा में बात करने लगे। पुलिस की धौंस देने लगे। कहने लगे कि ये जगह लिखकर ली है क्या? मेरे साथ थाने चलो। उन महानुभाव की कोई गलती नहीं। क्योंकि राजधानी में पुलिस का यही ढर्रा चल रहा है। हाल ही एक लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर कहा था कि जयपुर लड़कियों के रहने लायक जगह नहीं है। एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने कार से उसका पीछा किया। गंदे इशारे किए। मोबाइल नंबर मांगा। लड़की ने कहा- जब पुलिस ही ऐसी हरकत कर रही है तो बताओ लड़कियां कहां जाएं? कुछ दिन पहले ही पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने जयपुर में 4 जगह महिला सुरक्षा एवं सहायता बूथ (पिंक बूथ) का उद्घाटन किया। दावा किया यहां शिकायत करने पर लड़कियों-महिलाओं की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी। सवाल ये है कि अगर कोई पुलिस वाला ही लड़की को परेशान करे, पीछा करे, कोई पुलिस अफसर लड़की को धमकाए, उसे पोंछा लगाने वाली कहकर बेइज्जत करे, तो क्या पिंक बूथ पर उनके खिलाफ भी शिकायत दर्ज होगी और तुरंत कार्रवाई होगी? इनपुट सहयोग- ओम टेलर (पाली), महावीर बैरवा (टोंक), सिकंदर शेख (जैसलमेर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

