लूणी नदी के लिए पहली बार सबसे बड़ा सर्वे:बेकार बहने वाला पानी रोकने के तरीके ढूंढ रहे वैज्ञानिक; दावा- सूखा कम हो रहा, हरियाली बढ़ी

हर बार की बारिश में लाखों लीटर बेकार बहने वाले लूणी नदी के पानी को रोकने के लिए तैयारी की जा रही है। पश्चिमी राजस्थान की सबसे बड़ी लूणी नदी के लिए सर्वे इसलिए हो रहा है, ताकि इसका पानी पीने और खेती के काम आ सके। ये सर्वे नॉर्थ-वेस्टर्न रीजनल सेंटर की ओर से किया जा रहा है। इस सर्वे के लिए साल 1956 से लेकर 2010 तक लूणी नदी पर हुई बारिश, यहां की फसलों और वॉटर हार्वेस्टिंग का डेटा जुटाया गया। मानसून में यहां जमकर पानी बरसा, लेकिन इसके बाद भी इसका पानी न तो पीने के काम आया और न ही खेती के। ऐसे में अब सर्वे से ये जानकारी जुटाई जा रही है कि लूणी नदी के पानी को उन जिलों तक या फिर गांवों तक कैसे पहुंचाया जाए, जहां पानी का संकट है। क्या हुआ है सर्वे में ये सर्वे अलग-अलग पैरामीटर पर हो रहे हैं। इसके लिए नॉर्थ वेस्टर्न रीजनल और रू​डकी की टीम अलग-अलग सब्जेक्ट को लेकर सर्वे कर रही है। फ्लैश फ्लड: इसमें ये जानकारी जुटाई जा रही है कि यहां बारिश के दौरान कितना पानी आता है। कितना वेस्ट हो जाता है। इसके अलावा ऐसे कौनसे इलाके, पॉइंट या जोन हैं, जहां लूणी नदी में बारिश के दौरान आने वाले पानी को रोका जा सके और उन्हें गांवों तक पहुंचाया जा सके। क्रॉप मैपिंग: लूणी नदी जहां से गुजर रही है, वहां खेती को लेकर कुछ सालों में क्या बदलाव हुआ है। वहां किस तरह की खेती की जा रही है और आने वाले समय में यहां खेती को लेकर क्या संभावना है। जैसे अभी यहां पर गेहूं, सरसों, ईसबगोल, जीरा और चना जैसी फसलें हो रही हैं। ऐसे में क्रॉप मैपिंग के जरिए ये जानकारी जुटाई जाएगी कि इन फसलों के लिए यहां कितना पानी चाहिए होगा। सूखा: इस पूरे एरिया में सूखे को लेकर क्या भौगोलिक स्थिति बनी है। ऐसा कितनी बार हुआ है कि लूणी नदी में सूखा रहा या फिर जो सूखा यहां पड़ता था, वो कितना कम हुआ है और इसका क्या कारण है। वॉटर क्वालिटी: लूणी नदी के पानी की क्वालिटी क्या है। इसमें कौनसे एलीमेंट्स हैं। इसे लेकर वैज्ञानिकों की टीम रिसर्च कर रही है। ताकि इससे पानी का बंटवारा यानी पीने के लिए कितना पानी लगेगा और खेती के लिए कितना पानी चाहिए होगा। इसकी सटीक जानकारी मिल सके। वाटर स्टोरेज: इसे पैलियो चैनल भी कहते हैं। यानी लूणी नदी के बेसिन में कितने ऐसे जोन हैं, जहां आर्टिफिशिल और नेचुरली पानी का स्टोरेज किया जा सके। चाहे वह पंप स्टेशन के माध्यम से हो या फिर किसी दूसरे तरीके से। सर्वे में बताया- चैक डेम और एनीकट बन सकते हैं, सूखे के दिन भी घटे अब तक हुए सर्वे में सामने आया कि लूणी में मानसून सीजन में आने वाले पानी को स्टोरेज किया जा सकता है। इसमें बताया गया है कि चैक डेम, एनीकट और बड़े स्ट्रक्चर जहां पानी को रोका जा सकता है, उसका यूज किया जा सकता है। वहीं सर्वे और स्टडी में चौंकाने वाली बात ये भी सामने आई कि लूणी बेसिन इलाके में साल 2010 के बाद सूखा कम हुआ है। हालांकि इसके कई कारण हैं, लेकिन वैज्ञानिक क्लाइमेट में बदलाव को इसका प्रमुख कारण बता रहे हैं। दावा है कि साल 2010 के बाद लूणी बेसिन वाले इलाकों में हरियाली बढ़ी है। इसके अलावा यहां रेनफॉल यानी औसत बारिश भी बढ़ी है। 2001 से 2004 तक जहां सबसे ज्यादा सूखा पड़ा। अब वहीं साल 2010 के बाद यहां बारिश भी बढ़ी है। यानी 1 घंटे की बारिश में जहां लूणी में पानी आ जाता था। वहीं अब 15 मिनट की बारिश में लूणी में पानी बहने लग रहा है। प्रभारी बोले– पानी के स्टोर से लेकर रिवर प्लानिंग को किया शामिल नॉर्थ वेस्टर्न रीजनल सेंटर के प्रभारी और वैज्ञाानिक डॉ. सौरभ नेमा ने बताया- टीम ने लूणी रिवर बेसिन पर स्टडी शुरू की है। इसमें प्रमुख तौर पर उस इलाके को शामिल किया है, जहां बारिश ज्यादा होती है। ताकि हम बारिश के पानी को स्टोर कर सके और रिवर प्लानिंग को बेहतर बना सके। इसमें साल 2023 से लेकर 2025 के मानसून के डेटा को शामिल किया है। इसके अलावा सैटेलाइट इमेज के जरिए लूणी बेसिन में होने वाली फसलों को भी चिह्नित किया है। सैटेलाइज इमेज का यूज करके हमने उन साइट को भी पता लगाने की कोशिश की है कि वॉटर रिचार्ज कहां-कहां पर संभव है। वॉटर क्वालिटी के लिए हमारी हेडक्वार्टर की टीम स्टडी कर रही है। कहां पर फ्रेश और स्लाइन वाटर है। इसके अलावा अंडरग्राउंड स्टोरेज की भी संभावना तलाशी जा रही है, ​ता​कि इसके पानी को पीने और खेती के लिए हम यूज कर सकें।
Back To Top