राजस्थान के शहरों में सोमवार को भी दिन में सामान्य से ज्यादा गर्मी रही। लगातार दूसरी दिन बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। दिन के साथ-साथ कई शहरों में रात में भी तापमान में बढ़ोतरी होने से सर्दी का असर कम रहा। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने और गर्मी-सर्दी इसी तरह की रहने का अनुमान जताया है। सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पारा पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के सभी शहरों में आसामान साफ रहा और दिनभर धूप रही। सोमवार दिन में बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। बाड़मेर में पारा सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा। लगातार बढ़ रही है रात में गर्मी राज्य में कमजोर पड़ी उत्तरी हवा के कारण रात में भी कई शहरों में सर्दी कम हो गई। बाड़मेर, पाली, जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, चूरू में रात का तापमान भी सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर ही है। सोमवार को सबसे ज्यादा ठंडी रात माउंट आबू में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, ये यहां सामान्य तापमान से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: सोमवार को दिन और रात के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज हुई। यहां भी दिनभर आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। दिन में गर्मी रही, जबकि शाम को हल्की ठंडक। अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा: दिन के तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं, रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। दिनभर आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 34. 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.4 करीब डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अब रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। अजमेर: अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी सुबह 68% और शाम को 31% रही। दिन में धूप के कारण गर्मी का असर रहा, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस हुई। उदयपुर: सोमवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। दो दिनों में अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। जोधपुर: सोमवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। अलवर: सोमवार को मौसम सामान्य बना रहा। सुबह और शाम हल्की ठंड का असर रहा। वहीं, दिन में धूप निकलने से तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। हालांकि मंगलवार से तापमान में गिरावट होने की संभावना है। सोमवार सुबह 8 बजे AQI 480 दर्ज किया गया। सीकर: सोमवार को गर्मी बढ़ गई। दिन-रात के तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। सीकर के ग्रामीण इलाकों में शाम को हल्के बादल छाए। फिलहाल दो दिन तक मौसम स्थिर रहेगा। अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री दर्ज किया गया।

