जयपुर में पानी में डूबने से भाई बहन की मौत:निर्माणाधीन मकान की नींव में भरे पानी में गिरे, भीड़ देख रही थी पिता ने शव निकाला

जयपुर में पानी में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। मकान की नींव के लिए गड्‌ढे खोदे गए थे। गड्ढे में करीब साढ़े चार फीट पानी भर था। पास में खेलते समय भाई-बहन गड्‌ढे में गिर गए। शव पानी के ऊपर आने के बाद आसपास के लोगों ने देखा और बच्चों को निकालने में जुट गए, इसी दौरान भीड़ देखकर बच्चों के पिता लियाकत हुसैन भी मौके पर पहुंचे। बेटे मोहम्मद अयान (7) और बेटी आलिया (11) को पानी से बाहर निकालकर SMS हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना दिल्ली रोड स्थित मानपुर सड़वा इलाके में बुधवार दोपहर 1 बजे की है। लियाकत हुसैन ने बताया मेरे दोनों बच्चे करीब 45 मिनट तक पानी में डूबे रहे। बच्चों के पिता लियाकत हुसैन तीन साल से सड़वा स्थित रशीद विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे हैं। शहर में मजदूरी करते हैं। उनके दो बच्चे थे। वह मूलरूप से यूपी के बरेली जिले के लाडपुर, उस्मानपुर के रहने वाले हैं। बारिश के बाद गड्ढे में भर गया था साढ़े चार फीट पानी
खेत में निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट के लिए जेसीबी से गहरा गड्ढा खोदा गया था। इसमें पिलर बनाकर निर्माण किया जाना था। बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद गड्ढे में करीब साढ़े चार फीट तक पानी भर गया था। मेरे दोनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान वे निर्माणाधीन स्थान पर पहुंचे और पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। करीब 40 से 45 मिनट तक दोनों बच्चे पानी में डूबे रहे। दोपहर को करीब 2 बजे मैं खाना खाने के बाद काम पर जा रहा था। घर से करीब 150 मीटर दूर खाली प्लॉट के पास मुझे लोगों की भीड़ दिखाई दी। मौके पर पहुंचा तो पानी में बच्चों की चप्पलें तैरती नजर आईं। इसके बाद बच्चों के शव दिखाई दिए। पिता ने पानी में कूदकर बच्चों को निकाला लियाकत हुसैन ने बताया- एक युवक की मदद से पानी में उतरकर मैंने दोनों बच्चों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल SMS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मां का रो-रोकर बुरा हाल बच्चों की मौत की खबर मिलते ही मां रजिया का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक बच्चों के पिता ने फिलहाल पुलिस में कोई मुकदमा दर्ज नहीं करवाया है। लियाकत हुसैन का परिवार मूल रूप से लाडपुर, उस्मानपुर, बरेली का रहने वाला है। करीब तीन साल से सड़वा स्थित रशीद विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा है।
यह खबर भी पढ़ें… पानी पीने गया भाई डूबा,बचाने गई 2-बहनों की भी मौत:खेत से घर नहीं लौटे तो पहुंचे परिजन; 3 दिन पहले मां का हुआ था निधन जोधपुर जिले में चौकड़ी गांव के एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से भाई और 2 चचेरी बहनों की मौत हो गई थी। तीनों घर से खेत पहुंचे थे। यहां भाई को प्यास लगी तो वह पानी पीने के लिए डिग्गी के पास गया था। (पूरी खबर पढ़ें)
Back To Top