CRPF जवान की तिहारी में सड़क हादसे में मौत:भांभोलाव में मंगलवार को राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

अरांई क्षेत्र के भांभोलाव गांव निवासी सीआरपीएफ जवान भैरूं लाल खटीक की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। श्रीनगर थाना क्षेत्र के तिहारी गांव में अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना के बाद जवान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े रहे। एम्बुलेंस कर्मचारी शिवराज गुर्जर की सहायता से उन्हें श्रीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे की सूचना मिलते ही श्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात पिकअप वाहन और उसके ड्राइवर की तलाश कर रही है। सीआरपीएफ जवान की मौत की सूचना से उनके पैतृक गांव भांभोलाव में गहरा दुख छा गया है। परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। जवान का अंतिम संस्कार मंगलवार को भांभोलाव गांव में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
Back To Top