कोटा की अरुंधति का कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग में आज फाइनल मुकाबला:गोल्ड मेडल पर टिकी नजरें, सेमीफाइनल में 2022 की गोल्ड मेडलिस्ट रोसी को हराया था

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में राजस्थान के कोटा की बेटी अरुंधति चौधरी ने इतिहास रचते हुए बॉक्सिंग के 70 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। उनका फाइनल मुकाबला आज इंग्लैंड की खिलाड़ी के खिलाफ खेला जाएगा। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में अरुंधति ने वेल्स की अनुभवी बॉक्सर और कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की गोल्ड मेडलिस्ट रोसी एकेल्स को हराकर भारत के लिए सिल्वर मेडल पक्का कर दिया है। इस शानदार जीत के साथ अब अरुंधति की नजरें गोल्ड मेडल पर टिक गई हैं। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में अरुंधति ने न्यूजीलैंड की बॉक्सर मॉर्गन अड्रेशन को 3-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी और पदक सुनिश्चित कर लिया था। लगातार दो शानदार जीत के दम पर उन्होंने फाइनल का टिकट हासिल किया है। फाइनल में पहुंचने पर परिवार में खुशी की लहर महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी अरुंधति इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाली राजस्थान की पहली महिला बॉक्सर होने का गौरव भी उनके नाम है। अरुंधति के कोच अशोक गौतम ने उनकी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और स्कॉटलैंड में आयोजित 14 दिवसीय प्री-कॉम्पिटिशन कैंप को दिया। वहीं, उनके पिता एवं जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी और पूरे परिवार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं। अरुंधति की आज गोल्ड पर रहेंगी नजरें अरुंधति की इस सफलता से कोटा ही नहीं, पूरे राजस्थान के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने लाइव मुकाबला देखकर भारत माता की जय के नारे लगाए। अब देशवासियों की निगाहें फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां कोटा की यह होनहार बेटी स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के इरादे से रिंग में उतरेगी।
Back To Top