जयपुर में एक पड़ोसी युवक ने युवती से छेड़छाड़ की है। सोसायटी में घूमने के दौरान सुनसान जगह पाकर आरोपी युवक ने युवती को पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने युवती के साथ जमकर मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रविवार शाम मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जयपुर की एक सोसायटी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह अपने परिवार के साथ सोसायटी के एक फ्लैट में रहती है। शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे वह सोसायटी के ग्राउंड फ्लोर पर घूम रही थी। ब्लॉक-9 और 10 के बीच से गुजरने के दौरान, सोसायटी में ही रहने वाले एक लड़के ने सुनसान जगह पाकर उसे पकड़ लिया। वह युवती को अकेली पाकर उसके साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की। युवती के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया। चोटिल हालत में पीड़िता ने जैसे-तैसे सोसायटी के लोगों को आपबीती बताई और अपने परिजनों को बुलाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

