होटल कारोबारी के बेटे की पीट-पीटकर हत्या:25 बदमाश किडनैप कर ले गए थे, मारपीट कर कबड्डी खिलाड़ी को सड़क पर फेंक गए

जोधपुर जिले के होटल कारोबारी के बेटे की पाली में लाठी-डंडे और सरियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक कबड्‌डी का स्टेट लेवल प्लेयर था। स्कॉर्पियो कार से अपने दोस्त के साथ 8 लाख रुपए लेकर जेसीबी खरीदने पाली जा रहा था। रास्ते में चार-पांच गाड़ियों में आए 20-25 बदमाशों ने उसको किडनैप कर लिया। लाठी-डंडों और सरियों से मारपीट करके लांबा गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर गंभीर रूप से घायल कापरडा क्षेत्र के रावर गांव निवासी मनोज (26) को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना बिलाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 9 बजे लांबा गांव के पास की है। मनोज के पिता महीराम ओडिसा में होटल चलाते हैं। मनोज बीपीएड करके पीटीआई की तैयारी कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी जोधपुर जिले के हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मनोज के साथ एक युवक और था, लेकिन उसके साथ ज्यादा मारपीट नहीं हुई। मनोज के साथ जिन लोगों ने मारपीट की उनके साथ पहले मनोज ने मारपीट की थी, उसके खिलाफ बिलाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस मनोज को ढूंढ रही थी। मनोज के चचेरे भाई अमन (27) ने बताया- मनोज गुरुवार रात करीब 8 बजे 8 लाख रुपए लेकर पाली के लिए निकला था। वहां से उसे वाहन खरीदना था। स्कॉर्पियो से जा रहे मनोज के साथ गांव के दो लोग भी थे। वे पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां उनको चार-पांच गाड़ियों में सवार 20-25 बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने मनोज को स्कॉर्पियो से उतारकर खुद की गाड़ी में बैठा लिया। मनोज के साथ गए दोनों लोग गाड़ी से उतरकर भाग गए। बदमाशों ने मनोज को बिलाड़ा थाना क्षेत्र में ले जाकर लाठी-डंडों और सरियों से पीटा। हमले में मनोज के सिर, दोनों हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई। बेहोशी की हालत में पड़ा मिला अमन ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपी उसे लांबा गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। बाद में लांबा गांव के कुछ लोगों ने हमें फोन करके घटना की सूचना दी, इसके बाद हम मौके पर पहुंचे। मनोज बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। मनोज को जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) हॉस्पिटल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमन ने बताया कि मनोज ने 2017-18 में कबड्डी के स्टेट लेवल टीम में था। उदयपुर से 2022 मे बीपीएड की थी। अभी पीटीआई की भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था। मनोज के भाई और पिता ओडिशा में हाईवे होटल बना रखा है,होटल का काम देखते हैं। परिजनों ने एमडीएम हॉस्पिटल में दिया धरना मनोज के परिजन और गांव के लोगों ने एमडीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, वहीं पाली जिले के शिवपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मनोज के साथ गए दोनों लोग पाली जिले के शिवपुरा थाने में मौजूद हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। हॉस्पिटल में हुई मौत एडिशनल एसपी जोधपुर ग्रामीण भोपाल सिंह ने बताया कि आज सुबह पाली कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि शिवपुरा थाने में जानबूझकर गाड़ी का एक्सीडेंट किया गया। बदमाश युवक के साथ मारपीट कर उसे लांबा गांव के पास पटक गए हैं। पुलिस घटना स्थल पहुंची और मनोज को हॉस्पिटल भिजवाया। उसकी हॉस्पिटल में मौत हो गई। 3 दिन में गिरफ्तारी के आश्वासन पर उठा धरना, 7 आरोपियों पर केस दर्ज शिवपुरा थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया- मनोज के परिजनों से समझाइश कर पुलिस ने तीन दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन धरना समाप्त करने पर राजी हुए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मनोज ने पूर्व में महेंद्र पुत्र हरदेवा राम के साथ मारपीट की थी, जिसका मामला बिलाड़ा थाने में दर्ज था। इसी रंजिश के चलते आरोपी बदला लेने के लिए पिछले 8-10 दिनों से मनोज का पीछा कर रहे थे।
इस मामले में पुलिस ने श्यामलाल, दिनेश, सुनील, मेक सिंह उर्फ मैंकाराम, सोमराज, हरभजन और सांवरलाल सहित कुल 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Back To Top