जयपुर में जहर पीकर शिवदासपुरा पुलिस स्टेशन पहुंचे एक युवक की मंगलवार दोपहर मौत हो गई। पिछले 5 दिन से घर से गायब होने पर परिजन उसको ढूंढ़ रहे थे। कोर्ट में मकान विवाद को लेकर वह परेशान चल रहा था। पुलिस ने महात्मा गांधी हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। SI धर्म सिंह ने बताया- जहर खाने से जयराम गुर्जर (45) पुत्र भगवान सहाय निवासी रामचंद्रपुरा सांगानेर की मौत हो गई। वह पिछले 5 दिनों से अपने घर से गायब था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति ने कॉल कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। उसके बाद वह शिवदासपुरा थाने पहुंच गया। पुलिस टीम ने तुरंत उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान करीब 2 घंटे बाद उसकी मौत हो गई। लंबे समय से चल रहा विवाद पुलिस का कहना है जयराम के घर से लापता रहने और इस कदम के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पता चल सकेगा। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक जयराम गुर्जर का परिवार के सदस्यों से एक मकान खाली कराने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस संपत्ति विवाद मान रही वजह यह मामला कोर्ट में भी विचाराधीन था। घटना से चार-पांच दिन पहले से ही जयराम घर से बाहर था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे संपत्ति विवाद को मुख्य वजह मान रही है।

