आज आंधी-बारिश का अलर्ट, पारा 48 डिग्री के ऊपर:श्रीगंगानगर देश का तीसरा सबसे गर्म शहर, हीटवेव से नहीं मिलेगी राहत

राजस्थान का श्रीगंगागर बुधवार को देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। यहां दिन का तापमान 48.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर के अलावा चूरू, बीकानेर, पिलानी और भीलवाड़ा में भी पारा 45 डिग्री के ऊपर ही रहा। वहीं, कोटा, फलोदी, हनुमानगढ़ में रात का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। कोटा में बुधवार को सबसे गर्म रात रही। मौसम विभाग ने आज जयपुर सहित 11 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, मई के आखिरी दिनों में तेज गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म रहे गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स… आज आंधी-बारिश की संभावना: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने उत्तर-पूर्वी जिलों के लिए गर्मी का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। श्रीगंगानगर फिर सबसे गर्म: पिछले 24 घंटे में तेज धूप रही। सबसे ज्यादा तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में दर्ज हुआ, जो इस जिले का इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान रहा। जैसलमेर, फलोदी, गंगानगर, बीकानेर में कल हीटवेव का सबसे ज्यादा असर रहा। यहां सुबह से देर शाम तक लू का प्रभाव रहा। मौसम विभाग ने इन इलाकों में आज भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया है। आगे कैसा रहेगा मौसम? राजस्थान में बड़े शहरों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी में बुधवार को लगातार दूसरे दिन पारा 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। यहां कल दिनभर झुलसाने वाली गर्मी रही और लू का असर रहा। अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर: तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसा दिया। दिन का तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार शाम को बारिश हुई थी। बारिश के कारण उमस बढ़ गई। यहां अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया।
बीकानेर: यहां राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रही कारों में लगे तापमान मीटर में पारा 49 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग के आधिकारिक आंकड़े इससे अलग हो सकते हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। जोधपुर: शहर में तेज धूप और गर्मी की वजह से आमजन काफी बेहाल है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में अगले दो से तीन दिनों तक उमस ओर बढ़ने का अनुमान है। बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल अगले दो से तीन दिन राहत मिलने के आसार नहीं है। अजमेर: नौतपा के तीसरे दिन बुधवार को अजमेर में तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार- बुधवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30.0 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी। उदयपुर: बुधवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लगातार तापमान में यहां बढ़ोतरी हो रही है। अलवर: शहर का अधिकतम तापमान बुधवार को 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने आज तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है। वहीं दोपहर बाद मौसम में बदलाव के संकेत भी दिए गए हैं। हल्की बारिश और बादल छाने की संभावना बनी हुई है। लगातार पड़ रही तेज गर्मी के कारण लोग दिन के समय जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। रात में भी तापमान अधिक रहने से उमस और पसीने भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
Back To Top