अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर आएंगे। वे आमेर महल और सिटी पैलेस जाएंगे। इसके चलते आमेर महल को आज दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। मार्को रूबियो हाथी गांव भी जा सकते हैं। आमेर महल के जलेब चौक में उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। लोक कलाकार राजस्थानी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। फोक आर्टिस्ट घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य करेंगे। कठपुतली कलाकार भी कला को प्रदर्शित करेंगे। राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी उनकी अगवानी करेंगी। मार्को रूबियो दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एक दिन रुकने के बाद मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उधर, एयरपोर्ट से आमेर तक का मार्ग दोपहर 12 से शाम 6 बजे के बीच कुछ घंटे बंद रहेगा। जेएलएन मार्ग, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, हवामहल बाजार और सुभाष चौक से आमेर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। इन मार्गों पर दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक आम गाड़ियों की आवाजाही जरूरत के अनुसार बंद की जा सकती है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट रूबियो जयपुर के फेमस हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। होटल में खास तैयारियां की गई हैं। दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हाथी गांव में भी तैयारियां सूत्रों के अनुसार मार्को रूबियो के हाथी गांव जाने की भी संभावना है। इस संबंध में हाथी गांव में भी तैयारियां की जा रही हैं। यहां तालाब पर हाथी रहेंगे, इसके साथ ही हाथियों को फल खिलाने का भी प्लान किया जा रहा है। हाथी गांव विकास समिति के पदाधिकारियों के अनुसार विदेशी मेहमान का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। साथ ही राजस्थान में हाथियों के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था की जानकारी भी उन्हें दी जा सकती है। ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी रहेगी जयपुर पुलिस ने 24 थाना इलाके में 25 और 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगा दी। एडिशनल कमिश्नर योगेश दाधीच ने आदेश जारी कर ईस्ट जिले के सांगानेर, एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, मालवीय नगर, बजाज नगर, गांधी नगर, मोती डूंगरी, एसएमएस हॉस्पिटल, जवाहर नगर, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर व लालकोठी, साउथ जिले से अशोक नगर, विधायकपुरी, नॉर्थ कोतवाली, माणक चौक, नाहरगढ़ रोड, संजय सर्किल, रामगंज, गलता गेट, सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी, जयसिंहपुरा खोर व आमेर थाना इलाके में 25 और 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया। फ्रांस के राष्ट्रपति और अमेरिका के उपराष्ट्रपति भी आ चुके जयपुर इससे पहले 25 जनवरी 2024 को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और 21 अप्रैल 2025 को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी जयपुर आए थे। दोनों का ही हाथियों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया था। एक्सपर्ट अमेरिकी विदेश मंत्री की इस यात्रा को केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर, राजस्थानी संस्कृति, लोक कला और मेहमाननवाजी को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। ट्रैफिक प्लान देखकर निकलें बाहर जयपुर में सोमवार दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक एयरपोर्ट से आमेर तक जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक रोका जाएगा। गाड़ियों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। आम लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान देख लें। पुलिस के अनुसार, वीआईपी काफिला जयपुर एयरपोर्ट से ओटीएस, जेडीए चौराहा, रामनिवास बाग, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, हवामहल बाजार, सुभाष चौक होते हुए आमेर तक जाएगा। सुरक्षा कारणों से इन मार्गों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका जा सकता है।

