हरिओम पंवार बोले-मिले हुए टिकट को लौटाने वाला मैं हूं:उन्होंने व्यंग में कहा- न्यायमूर्ति के घर में जो नोट जले ये किसके हैं,अजातशत्रु ने भी किया सियासी कटाक्ष

जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को बिरला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन सजा। यहां हास्य, व्यंग्य और वीर रस की कविताओं के साथ सियासी कटाक्ष भी सुनने को मिले। मेरठ के वीर रस के कवि हरिओम पंवार ने अपनी कविता में सत्ता, नौकरशाही और न्यायपालिका पर सवाल उठाए। उन्होंने सुनाया- ‘सत्ताधारी के मन पर पहरा क्यों हो जाता है, कभी-कभी सिंहासन गूंगा-बहरा क्यों हो जाता है।’ उनकी एक और पंक्ति ‘न्यायमूर्ति के घर में जो नोट जले ये किसके हैं’ पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं। हंसी के ठहाकों के बीच एहसान कुरैशी ने जयपुर की तुलना लंदन से की। वहीं कोटा से आए कवि सुरेश अलबेला ने राहुल गांधी को हास्य कवियों का ‘कुलदेवता’ बताया। उदयपुर के कवि राव अजातशत्रु ने भी राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। राहुल गांधी के ऊपर कटाक्ष करते हुए उदयपुर के कवि राव अजातशत्रु ने कहा – मैं एक संस्कारी परिवार से हूं। मैंने बचपन से अपनी मां की गोद में बैठकर खाना खाया। लेकिन मेरी मां ने कभी मेरे पापा की गोद में बैठकर खाना नहीं खाया। हरिओम पंवार ने कहा- मैं जयपुर को बहुत प्यार करता हूं। पिछले 40 साल से मैं जयपुर आता हूं। कई बार मैंने यहां परफॉर्म किया।
मैं जयप्रकाश के आंदोलन की कोख से निकला बालक हूं। जिसको आजाद होना है उसे मरना आना चाहिए। लोग टिकट मांगने पार्टियों के चक्कर लगाते हैं। लेकिन
मिले हुए टिकट को लौटाने वाला मैं हूं। उन्होंने सत्ता और व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कविता सुनाई-
‘इस सवाल का उत्तर क्या है, मैं किसको समझाऊं क्या,
मेरी समझ में नहीं आया तो जनता को बतलाऊं क्या।
सत्ताधारी के मन पर पहरा क्यों हो जाता है,
कभी-कभी सिंहासन गूंगा-बहरा क्यों हो जाता है।
मैं चारण हूं, चौराहों पर हाथ उठाकर पूछूंगा,
सिंहासन के गिरेबां पर हाथ डालकर पूछूंगा।
नौकरशाही के दामन में जो पाप पले ये किसके हैं,
न्यायमूर्ति के घर में जो नोट जले ये किसके हैं।’
उनकी कविता पर सभागार में मौजूद श्रोता खड़े हो गए और तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया। उन्होंने कश्मीर पर भी अपनी ओजपूर्ण रचना सुनाई। मुंबई से आए हास्य व्यंग के कवि एहसान कुरैशी जब मंच पर पहुंचे तो उन्होंने जूते उतारे और हाथ जोड़ते हुए मंच पर बैठ गए। कवि सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और राष्ट्र गान के साथ की गई। इसके बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। चित्तौड़गढ़ से आई कवयित्री दीपिका माही ने सरस्वती वंदना “शब्द भवानी मात शारदे, मैं तेरे गुण गाऊंगी” के साथ कवि सम्मेलन की शुरुआत की। कोटा से आए कवि सुरेश अलबेला ने कहा- होली पर पानी मत बहाओ, दिवाली पर पटाखे मत चलाओ। इजरायल परमाणु पर परमाणु बम चला रहा है। लेकिन हमारे दिल्ली में सुतली बम चला दो तो पॉल्यूशन का खतरा हो जाता है। सुरेश अलबेला ने कहा राहुल गांधी हम हास्य कवियों के कुलदेवता है। जो लोग भगवान राम का अपमान करते थे वह बीजेपी में जाकर शामिल हो गए। जो 40 साल से किसी अखाड़े में गौशाला में गाय को चारा खिला रहे थे। आज भी वह किसी मुख्यमंत्री बनकर गा रहे हैं ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमि’। ‘मैं अजमल कसाब की तारीफ सुन नहीं सकता।
मैं अब्दुल कलाम की बुराई सुन नहीं सकता। ‘ कॉमेडियन एहसान कुरैशी ने लंदन से की जयपुर की तुलना कॉमेडियन और हास्य व्यंग के कवि एहसान कुरैशी ने कहा – नीम का पेड़ भी चंदन से कम नहीं हमारा जयपुर भी लंदन से कम नहीं। अब देखिए, कार्यक्रम से जुड़ी PHOTO’S महापौर सुनील कोठारी ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान वित्त आयोग के चेयरमैन डॉ अरुण चतुर्वेदी, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। कवि सम्मेलन में मेरठ के वीर रस के कवि हरिओम पंवार, मुंबई के हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी, फरीदाबाद के दिनेश रघुवंशी, कोटा के सुरेश अलबेला, बाराबंकी के प्रियांशु गजेंद्र, उदयपुर के राव अजातशत्रु और चित्तौड़गढ़ की कवयित्री दीपिका माही मौजूद रहे।
Back To Top