पिता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए बेटे ने हजारों अदालती आदेशों का अध्ययन कर फर्जी जमानत आदेश तैयार किए और हाईकोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए। आरोपी कनाडा का आईटी कंपनी में नौकरी करता है। जोधपुर की कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस दोनों को लुधियाना (पंजाब) से पकड़कर जोधपुर लाई और कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ में सामने आया कि मनप्रीत सिंह अपने पिता कुलविंदर सिंह को गिरफ्तारी से बचाने के लिए कनाडा से आया था। उसने पब्लिक डोमेन पर मौजूद हजारों आदेशों की स्टडी की। कोर्ट ने आदेशों को बताया था फर्जी, एसआईटी भी बनाई दरअसल, 12, 15 और 26 अक्टूबर 2026 को तीन कथित जमानत आदेशों का मामला सामने आया था। न्यायिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि इन तारीखों पर संबंधित मामले कोर्ट में सूचीबद्ध नहीं थे और कोई आदेश भी पारित नहीं हुआ था। कोर्ट ने इन आदेशों को फर्जी बताया था। इसके बाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) नरेंद्र कुमार ने जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले में SIT भी बनाई गई थी। कुड़ी थानाधिकारी ईश्वर चंद्र पारीक और SIT ने मामले की जांच की और 10 नवंबर को आरोपी पिता-पुत्र को पंजाब के लुधियाना से डिटेन कर लिया। इसके बाद दोनों को जोधपुर लाकर गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट के हजारों आदेशों की स्टडी कर तैयार किए फर्जी आदेश आरोपी मनप्रीत ने पुलिस पूछताछ में बताया- वह साल 2018 से कनाडा में रह रहा है। अभी अच्छे पैकेज पर आईटी कंपनी ऑक्सीजन फोरेंसिक में काम रहा है। उसने पिता कुलविंदर सिंह के फर्जी जमानत आदेश तैयार करने के लिए पहले पूरी विधिक प्रक्रिया की स्टडी की। इसके साथ ही पब्लिक डेामेन में मौजूद पहले के हजारों आदेश डाउनलोड कर उनका अध्ययन किया और फर्जी आदेश तैयार किए। इसके बाद हाईकोर्ट की वेबसाइट की रिसर्च और उसकी प्रोसेस समझकर 12 अक्टूबर, 15 अक्टूबर और 26 अक्टूबर को हाईकोर्ट की वेबसाइट पर फर्जी आदेश अपलोड कर दिए। उसने सूरतगढ़ अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कोर्ट के सामने खुद के बनाए फर्जी आदेश भी पेश कर दिए थे। एनडीपीएस मामले में गया था जेल पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवंबर 2025 को कुलविंदर एनडीपीएस मामले में श्रीगंगानगर के राजियासर में पकड़ा गया था। इस मामले में उसे जमानत मिल गई थी। अब उसके बेटे ने 30 दिन की अंतरिम जमानत के फर्जी आदेश बनाए, जिसमें कुलविंदर की पत्नी की बीमारी का हवाला दिया गया।

