राजस्थान में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वाधीनता दिवस- मंत्रिपरिषद के सदस्यों, संभागीय आयुक्तों एवं जिला कलक्टरों ने किया झण्डारोहण, जिलों की सांस्कृतिक विरासत और विकास को दर्शाती झांकियों ने मन मोहा

जयपुर, 15 अगस्त। प्रदेश में 79 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शुक्रवार को हर्षाेल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोह में मंत्रिपरिषद के सदस्यों, संभागीय आयुक्तों एवं जिला कलक्टरों द्वारा झण्डारोहण के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली गई तथा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में राज्यपाल के अभिभाषण का वाचन भी किया गया। इस अवसर पर वीरांगनाओं के सम्मान के साथ उल्लेखनीय सेवाओं और उपलब्धियों के लिए सरकारी कार्मिकों, विद्यार्थियों व समाजसेवी लोगों को सम्मानित भी किया गया।

श्रीगंगानगर-

श्री गंगानगर में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शुक्रवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय के खेल प्रांगण में समारोहपूर्वक आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम में सांसद श्री कुलदीप इंदौरा, श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक, गंगानगर विधायक श्री जयदीप बिहाणी, सादुलशहर विधायक श्री गुरवीरसिंह बराड, सहित अन्य ने उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों व वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले संस्थाओं, व्यक्तियों, कार्मिकों, विद्यार्थियों, खिलाडियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बांसवाड़ा-

79वां स्वतंत्रता दिवस बांसवाडा में उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। जिले के कुशलबाग मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिला कलक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव ने ध्वजारोहण किया। जिला कलक्टर ने परेड में शामिल मेवाड़ भील कोर, राजस्थानपुलिस, होम गार्ड्स, राजस्थान गृह रक्षा दल, न्यू लुक गर्ल्स कॉलेज की एन.सी.सी. आर्मी सीनियर विंग, लियोकॉलेज-एनसीसी आर्मी, एनसीसी आर्मी नूतन स्कूल, न्यू लुक एनसीसी आर्मी ब्वाय व गर्ल्स, लियो स्कूल एयर विंग एसीसी, नूतन स्कूल स्काउट-गाइड, लियो कॉलेज हिन्दुस्तान स्काउट तथा भारतीय विद्या भवन स्कूल की टुकडियों का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। बैण्ड प्रदर्शन के पश्चात अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया।

करौली –

79वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री नीलाभ सक्सेना के मुख्य आतिथ्य में मंुशी त्रिलोकचन्द माथुर स्टेडियम में पूर्ण गरिमा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में जिला कलेक्टर ने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया । परेड कमाण्डर इंस्पेक्टर राजवीर सिंह के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, राजस्थान सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर विंग ने हिन्दुस्तान स्काउट एवं पुलिस बैण्ड की धुन पर मार्चपास्ट में भाग लिया। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री हेमराज परिडवाल ने राज्यपाल महोदय के राज्य के नाम संन्देश का पठन किया। इसके बाद स्कूली छात्र- छात्राओं द्वारा सामूहिक व्यायाम एवं सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने वीरांगनाओं तथा जिले की 34 प्रतिभाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

बूंदी –

जिला स्तरीय मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में भव्यता और हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया, जहाँ जिला कलक्टर श्री अक्षय गोदारा द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। जिला कलक्टर ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में आरएसी, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी और स्काउट गाइड की टुकड़ियों ने परेड की। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 38 प्रतिभाओं को जिला कलक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

प्रतापगढ़ –

प्रतापगढ़ में 79वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह शुक्रवार को गरिमा, उल्लास और सांस्कृतिक भव्यता के साथ जिला मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री श्री हेमन्त मीणा ने ध्वजारोहण

विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं समाजसेवियों को राजस्व मंत्री, जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के आरंभ में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राज्यपाल महोदय के संदेश का वाचन किया।

धौलपुर-

जिला स्तरीय समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड पर पूर्ण हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री श्रीनिधि बी टी ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली एवं परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल राजस्थान पुलिस, राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान गृह रक्षा दल, एनसीसी, स्काउट की टुकड़ियां शामिल रहीं। समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री हरिराम मीना ने राज्यपाल का प्रदेश के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। इसके उपरान्त कार्यक्रम के अंत में समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं आमजन को बाल विवाह के विरूद्ध कार्य करने की शपथ दिलाई।

शहीद वीरांगनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों, छात्र छात्राओं, भामाशाहों व स्वयं सेवी संस्थाओं को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जालोर –

मुख्य समारोह शाह पंूजाजी गेनाजी स्टेडियम में हर्षाेल्लास के साथ सम्पन्न हुआ जिसमें राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक श्री जोगेश्वर गर्ग ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री राजेश मेवाड़ा ने राज्यपाल के आम जनता के नाम सन्देश का पठन किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह इंदौलिया सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सिरोही –

जिले में शुक्रवार को स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय समारोह अरविंद पैवेलियन में आयोजित हुआ। समारोह में ग्रामीण विकास, पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

समारोह में राज्यमंत्री ने जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 60 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने व्यायाम प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान राज्यमंत्री देवासी ने उपस्थित सभी को बाल विवाह की रोकथाम के सम्बन्ध में भी शपथ भी दिलवाई।

26 दिव्यांगों को स्कूटी का वितरण किया गया

स्थानीय क्षेत्र विधायक विकास निधि के तहत राज्य मंत्री देवासी सहित अतिथियों द्वारा 26 दिव्यांगो को स्कूटी का वितरण किया गया।

बारां-

बारां में स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। यहां मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर दिवांशु शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उप जिला कलक्टर विश्वजीत सिंह ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

समारोह में विधायक राधेश्याम बैरवा, सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी, एएसपी राजेश चौधरी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

उत्कृष्ट कार्य पर प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्यों करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

भरतपुर-

भरतपुर में 79वां स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय समारोह केन्द्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। समारोह में ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर ने झंडारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

समारोह में माननीय राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री नागर ने शहीद वीरांगनाओं श्रीमति सुनीता देवी, श्रीमति आशा देवी, श्रीमति माया देवी, श्रीमति रतनदेई, श्रीमति सीमा देवी, श्रीमति शीला देवी, श्रीमति गीता देवी, श्रीमति सूरजमुखी, श्रीमति मुन्नी देवी, श्रीमति जयलता, श्रीमति सुमन व श्रीमति विमला को शॉल ओढाकर सम्मानित किया। जिले में राजकीय कार्यों का पूर्ण निष्ठा, कर्मठता से सम्पादन किये जाने के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 65 अधिकारी-कार्मिकों एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।

सवाई माधोपुर-

सवाई माधोपुर में आजादी के 79वें स्वतन्त्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड़ मैदान में आयोजित हुआ। समारोह में कृषि एवं उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी। डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा द्वारा राज्यपाल के संदेश का पठन किया गया। इसके पश्चात जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. किरोड़ी लाल मीना, जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने एण्डा निवासी शहीद वीरांगना धोली देवी एवं थड़ोली निवासी जानकी देवी को स्मृति चिह्न भेंट कर व शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 47 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

सीकर –

सीकर में 79वां स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह खेल स्टेडियम सीकर में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने ध्वजारोहण कर संयुक्त मार्च पॉस्ट की सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीकर रतन कुमार स्वामी ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में जिले के एक मात्र जीवित स्वतंत्रता सैनानी कालीदास स्वामी जेतूसर सहित और शहीदों की विरांगनाओं को शॉल ओढाकर सम्मानित किया गया।

डूंगरपुर-

डूंगरपुर जिले में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।

समारोह में बतौर अतिथि जिला प्रमुख सूर्या अहारी, नगर परिषद सभापति अमृतलाल कलासुआ, जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री दिनेश चंद्र धाकड़ ने महामहिम राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया।

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा पद्म श्री मूलचंद लोढा, स्वतंत्रता सेनानी पार्वती-भरतलाल खराड़ी के परिजन, नवल देवी पत्नी सेंगा भाई एवं लोकतंत्र सेनानी राजेंद्र कोठारी, तारा देवी पत्नी पीयूश जैन, कल्पना जोशी पत्नी यशवंत जोशी के परिजनों और वीरांगनाओं को शाल ओढ़ाकर, माल्यार्पंण एवं श्रीफल देकर अभिनंदन किया।

राज्य स्तरीय झांकी में डूंगरपुर का हुआ सम्मानः

इस अवसर पर डूंगरपुर जिले की झांकी को द्वितीय स्थान अर्जित करने पर राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई ट्राफी देकर टीम को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 जनों का प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

टोंक-

जिले में 79वां स्वाधीनता दिवस शुक्रवार को बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउण्ड में आयोजित किया गया, जहां समारोह के मुख्य अतिथि जलदाय और भू जल विभाग के मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया।

समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण के बाद आरएसी, राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड की टुकड़ियां मंच से सलामी लेते हुए गुजरीं। आरएसी एवं राजस्थान पुलिस के बैंडों ने राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत धुनें बजाईं। मुख्य अतिथि ने देश के शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही, जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 52 प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौंकरिया ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

अलवर-

स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में शुक्रवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर वन राज्यमंत्री श्री शर्मा ने झण्डारोहण कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 26 प्रतिभाओं को मान्यता स्वरूप जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया एवं वीरांगनाओं को शॉल ओढाकर सम्मानित करते हुए चरण स्पर्श किए। कार्यक्रम के अंत में वन राज्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को मतदान एवं स्वच्छता शपथ दिलाई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम श्री मुकेश कायथवाल ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

मुख्य समारोह से पहले मंत्राी श्री शर्मा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए।

जैसलमेर-

जिले भर में 79 वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को हर्षाेल्लासपूर्वक एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह सोनार दुर्ग की तलहटी में स्थित शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया तथा खुली जिप्सी में मार्चपास्ट की सलामी ली।

शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम ने माननीय राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया।

चित्तौड़गढ़

जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में 79वां स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय मुख्य समारोह उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

मुख्य अतिथि सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “आजादी का यह पर्व उन वीर शहीदों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।” उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इनसे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँच रहा है।

फलौदी-

जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मुख्य आतिथ्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह मेजर शैतान सिंह स्टेडियम फलौदी में हर्षाेल्लास से मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में आरएसी/पुलिस सहित दलों द्वारा मार्च पास्ट एवं बैंड वादन किया गया।

इसके बाद अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री अजय ने महामहीम राज्यपाल महोदय का संदेश पठन किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीरांगनाओं का सम्मान किया गया।

बाड़मेर-

बाड़मेर जिले में शुक्रवार को 79 वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आदर्श स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री श्री के.के. विश्नोई ने ध्वजारोहण किया।

इस दौरान श्री विश्नोई ने उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। इस दौरान सरहदी बाड़मेर जिले के लोग भी सेना की मदद एवं हर परिस्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहे।

कोटा-

79 वां स्वाधीनता दिवस शुक्रवार को जिलेभर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ जहां मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने ध्वजारोहण किया। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए 91 प्रतिभाओं को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में तिरंगे के साथ देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों ने समां बांधा।

समारोह को सम्बोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि शहीदों के बलिदान और त्याग की बदौलत आज हम तिरंगे की छांव में फल-फूल रहे हैं। स्वाभिमान और एकता, अखंडता के प्रतीक तिरंगे को हमें शान से लहराना है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी सेना ने जिस पराक्रम का परिचय दिया उसका पूरी दुनिया ने लोहा माना है।

कोटपूतली-बहरोड़-

79वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमा, उल्लास और सांस्कृतिक भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। शुक्रवार को राजकीय लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात मार्च पास्ट की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण किया।

झालावाड-

79वें स्वतंत्रता दिवस पर श्रीमती विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिला कलक्टर श्री अजय सिंह राठौड़ द्वारा शुक्रवार को ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। समारोह के दौरान जिला कलक्टर ने पुलिस, होमगार्ड एवं शिक्षण संस्थाओं द्वारा की गई परेड व मार्चपास्ट का निरीक्षण किया।

’पिपलोदी विद्यालय के बच्चे रहे विशिष्ट अतिथि’

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पिपलोदी गांव हादसे के पीड़ित बच्चों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा अनूठी पहल करते हुए पिपलोदी विद्यालय के बच्चों को मार्चपास्ट में शामिल किया गया, बच्चों ने हाथों में तिरंगा लिए नन्हें-नन्हें कदमों से मार्च पास्ट किया। इस दृश्य को देखकर मौजूद अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने बच्चों के जोश व साहस को खूब सराहा।

पाली

हर वर्ष की भांति इस बार भी राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले भर में हर्षाेल्लास एवं उमंग व गरिमामय माहौल के साथ मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह बांगड़ स्टेडियम में आयोजित हुआ इस अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने ध्वजारोहण किया व इस अवसर पर राष्ट्रगान हुआ व परेड का निरीक्षण किया।

श्री कुमावत ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के दिन हमें स्वतंत्रता प्राप्त हुयी थी इसके लिये देश के अनेक महापुरूषों ने बलिदान दिया तब हमें आजादी मिली।

अजमेर

जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने 79वें स्वाधीनता दिवस समारोह में अजमेर के पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण किया। उन्होंने यहां मार्चपास्ट की सलामी लेने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 98 व्यक्तियों, संस्थाओं व अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन ज्योति ककवानी द्वारा किया गया।

उदयपुर

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले भर में 79वां स्वाधीनता दिवस शुक्रवार को उत्साह, उमंग और हर्षाल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। उदयपुर जिला मुख्यालय पर गांधी ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी। ध्वजारोहण पश्चात मंत्री खराड़ी ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस, एनसीसी, स्काउट व गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया गया। समारोह में एडीएम प्रशासन दीपेन्द्र सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

भीलवाड़ा

जिला स्तरीय 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आज पुलिस लाइन मैदान में देशभक्ति के उल्लास, उमंग और गरिमा के साथ आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया तथा मार्चपास्ट की सलामी ली।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री ओ. पी. मेहरा ने महामहिम राज्यपाल महोदय का संदेश पठन किया। सभी को स्वतंत्रता की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

डीग-

डीग में 79 वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हर्षाेल्लास के साथ किशन लाल जोशी उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में किया गया। कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री राजस्थान सरकार जवाहर सिंह बेढम ने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली एवं परेड का निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस की परेड में 14 आरएसी के परेड कमांडर मलखान सिंह के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस की टुकड़ी के साथ स्काउट, एनसीसी व एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विकसित राजस्थान के संकल्पों को पूरा करने में लिए आत्मीय भागीदारी के साथ आगे आने का आह्वान जन-जन से किया।

चूरू-

जिले में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर पुलिस लाईन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के आरंभ में जिला कलक्टर ने मार्च पास्ट का निरीक्षण कर सलामी ली।

डीडवाना-कुचामन-

79वां स्वतंत्रता दिवस जिलेभर में पूर्ण उत्साह व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह शहर के राजकीय खेल स्टेडियम में भव्यता के साथ आयोजित किया गया,जहाँ राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। कार्यक्रम से पूर्व राज्य मंत्री श्री चौधरी ने शहीद स्मारक पंहुच कर शहीदों को नमन किया।

राज्य मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

खैरथल-तिजारा

पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खैरथल में आयोजित किया गया। जिला कलक्टर श्री किशोर कुमार ने ध्वजारोहण कर परेड को सलामी दी। वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों के साथ राष्ट्रगान, मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण एवं मार्च पास्ट हुआ। इसके पश्चात पुलिस विभाग तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के द्वारा आकर्षक परेड कर ध्वज को सलामी दी गई।

सलूंबर

देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज पूरा सलूंबर जिला देशभक्ति के जोश और उल्लास में डूबा रहा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूंबर में भव्यता और हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया, जहाँ जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।

जिला कलक्टर ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 65 प्रतिभाओं को जिला कलक्टर, विधायक शान्ता अमृत लाल मीणा, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

हनुमानगढ

जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी राजकीय कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों एवं उपखंड व जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला स्तरीय मुख्य समारोह हनुमानगढ़ टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज के प्रांगण में हुआ। देशभक्ति एवं आज़ादी के लिए तन-मन न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों को याद करते हुए जिला स्तरीय मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान हुआ।

मुख्य समारोह में ध्वजारोहण एवं छात्रों के राष्ट्रगान के उपरांत मुख्य अतिथि डॉ. यादव ने परेड कमांडर पुलिस उप निरीक्षक श्रीमती चंद्रकला के नेतृत्व में परेड का निरीक्षण किया।

नागौर-

जिला मुख्यालय पर 79 वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह महिला एवं बाल विकास तथा महिला अधिकारिता विभाग राज्य मंत्री डॉ मंजू बाघमार के मुख्य आतिथ्य में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने राजकीय खेल स्टेडियम में ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। वहीं हल्के बादलों के बीच स्वाधीनता दिवस का उल्लास मन में लिए चारों ओर तिरंगा हाथ में लिए नन्हें बच्चे, बड़े, बुजुर्ग उत्साहित दिखे तथा सभी राजकीय कार्यालयों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर द्वारा महामहिम राज्यपाल महोदय का राज्य के नाम सन्देश का पठन किया गया।

बालोतरा

79 वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शुक्रवार को खेड़ रोड स्थित जिला कलक्टर कार्यालय हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में इस बार परेड गिड़ा थानाधिकारी विशाल कुमार के नेतृत्व में परेड आयोजित की गई। इसके पश्चात् अतिरिक्त जिला कलक्टर अशोक कुमार ने माननीय राज्यपाल महोदय के सन्देश का पठन किया गया।

राजसमंद

79वाँ स्वतंत्रता दिवस हर गांव और नगर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला कलक्टर अरुण कुमार हंसीजा ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और तत्पश्चात राष्ट्रगान का वादन हुआ। कलेक्टर ने भव्य मार्च-पास्ट की सलामी ली एवं इसके पहले परेड का निरीक्षण किया।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 55 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

बीकानेर—

वां स्वतंत्रता दिवस जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह शुक्रवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा थे। श्री गोदारा ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।

मार्च पास्ट में शामिल हुई 14 टुकड़ियां—

मार्च पास्ट में प्लाटून ने कदम से कदम मिलाकर एकता और अनुशासन का संदेश दिया। मार्च पास्ट में आरएसी की तीसरी व दसवीं बटालियन, राजस्थान पुलिस की महिला एवं पुरूष विंग, बोर्डर होम गार्ड, अरबन होमगार्डस, एनसीसी सात राज.बटालियन छात्र एवं छात्रा विंग, महारानी कॉलेज, स्टूडेंट पुलिस कैडेस महारानी स्कूल,बीबीएस स्कूल, सोफिया स्कूल, स्कॉउट, गाइड कैडेट्स सहित कुल 14 टुकड़ियां शामिल हुई। परेड का नेतृत्व आरआई सुश्री कविता पूनिया ने किया। इस दौरान आरएसी तथा राजस्थान पुलिस के बैंड ने सुमधुर स्वर लहरियां बिखेरी।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है।जब हम आजाद हुए तब हमारे देश की गिनती ग़रीब देशों में की जाती थी। अब 4 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के साथ हमारा देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था वाला देश बन गया है। हमारा देश दिन दुगुनी रात चौगुनी प्रगति कर रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का विकसित भारत का नारा जल्द साकार होगा। ना केवल विकसित भारत बल्कि विकसित राजस्थान और विकसित बीकानेर का सपना भी जल्द साकार होगा।

श्री गोदारा ने कहा कि राइजिंग राजस्थान में लाखों करोड़ के एमओयू किए गए ।राजस्थान औद्योगिक क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है । जल जीवन मिशन के ज़रिए घर-घर, ढाणी-ढाणी नल से पानी पहुंचाया जा रहा है।हर क्षेत्र में राजस्थान आगे बढ़ रहा है। धोरों का ज़िला बीकानेर भी आगे बढ़ रहा है।पहले यहाँ काली पीली आंधी आया करती थी । अब नहर से आर्थिक समृद्धि आ चुकी है। शिक्षा के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है ।

श्री गोदारा ने कहा कि दुनिया की कोई ताक़त हमें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए हमने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। नक्सलवाद ख़त्म होने के कगार पर है । देश में चारों और शांति है ।

इससे पूर्व राज्यपाल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री रामावतार कुमावत ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुई मनमोहक प्रस्तुति—

मुख्य समारोह के दौरान घोष वादन में आदर्श विद्या मंदिर बीकानेर के 40 विद्यार्थियों ने, व्यायाम प्रदर्शन एमएम स्कूल के संयोजन में 13 विभिन्न स्कूलों के 450 विद्यार्थियों ने, योग प्रदर्शन माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के संयोजन में 06 विद्यालयों के 200 विद्यार्थियों ने, भारतीयम में गंगा चिल्ड्रन स्कूल के संयोजन में 11 विद्यालयों के 400 विद्यार्थियों ने, विशेष बच्चों की प्रस्तुति में सेवाश्रम के 40 विशेष बच्चों ने, सामूहिक गीत में महारानी स्कूल की 100 छात्राओं ने, सामूहिक नृत्य में लेडी एल्गिन स्कूल की 200 छात्राओं ने हिस्सा लेते हुए मनमोहक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम का समन्वय उप जिला शिक्षा अधिकारी ( शारीरिक शिक्षा) श्री अनिल बोड़ा व शारीरिक शिक्षक श्री राजकुमार पुरोहित ने किया।

एनसीसी 7 राज गर्ल्स टुकड़ी को सर्वश्रेष्ठ मार्चपास्ट हेतु पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम में नगर निगम की ओर से सभी आगंतुकों को प्लांटेबल किट का वितरण किया गया।

Back To Top