राजस्थान की पर्यटन क्षमता को मिला नया मंच- उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मुंबई में “TTF 2025” का किया शुभारंभ

मुंबई/जयपुर: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सोमवार को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में “ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) 2025″ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव श्री राजेश यादव (आईएएस) और देशभर से आए पर्यटन उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।

दीया कुमारी ने कहा कि राजस्थान सरकार पर्यटन को राज्य की आर्थिक शक्ति बनाने के लिए कई नवाचार और योजनाएं लागू कर रही है। प्रदेश में ईको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं, जिसमें 3 राष्ट्रीय उद्यान, 26 वन्यजीव अभयारण्य, 5 बाघ अभयारण्य और 36 संरक्षण रिजर्व शामिल हैं। सरकार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर पर्यटन अवसंरचना विकसित करने, एग्री-टूरिज्म व एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने, और विरासत, जनजातीय क्षेत्रों व वेलनेस टूरिज्म पर आधारित नए पर्यटन सर्किट बनाने पर जोर दे रही है।

राजस्थान पर्यटन नीति 2025 के तहत होटल सब्सिडी जैसी प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से निवेश आकर्षित किया जा रहा है, जिससे राज्य को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाने का लक्ष्य है। हाल ही में Rs. 1.37 लाख करोड़ के 1,600 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिनसे पर्यटन परियोजनाओं को गति, रोजगार सृजन और विरासत संरक्षण को बल मिलेगा। दिसंबर 2025 में होने वाला राजस्थान पार्टनरशिप कॉन्क्लेव भी निवेशकों को आकर्षित करने का एक बड़ा अवसर होगा।

फेयर के आयोजक फेयरफेस्ट मीडिया लिमिटेड ने बताया कि TTF, OTM और BLTM जैसे आयोजनों में तीन दशकों से राजस्थान पर्यटन की भागीदारी उसकी मजबूत पहचान और लोकप्रियता को दर्शाती है। ये इवेंट दुर्गा पूजा, दीपावली और सर्दियों की छुट्टियों के ठीक पहले आयोजित होते हैं, जिससे पर्यटन कारोबारियों को भारतीय बाजार से जुड़ने का बेहतर मौका मिलता है।

2025-26 के इवेंट शेड्यूल इस प्रकार हैं:

  • TTF कोलकाता: 10-12 जुलाई 2025, बिश्वा बांग्ला मेला प्रांगण।
  • TTF अहमदाबाद: 31 जुलाई-2 अगस्त 2025, महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्ज़िबिशन सेंटर।
  • TTF मुंबई: 11-13 अगस्त 2025, जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर।
  • BLTM नई दिल्ली: 11-13 सितम्बर 2025, यशोभूमि (IICC), द्वारका।

फेयरफेस्ट मीडिया लिमिटेड के चेयरमैन और सीईओ संजीव अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान की भागीदारी यह साबित करती है कि यह राज्य अपनी सांस्कृतिक विरासत, विविध पर्यटन स्थलों और अनूठे अनुभवों के दम पर भारत के अग्रणी पर्यटन स्थलों में से एक है।

Back To Top