हर मरीज को सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार वचनबद्ध – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सिविल अस्पतालों को निजी अस्पतालों के समकक्ष सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से एक महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के बजट घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला सिविल अस्पतालों का व्यापक आधुनिकीकरण कार्य आरंभ कर दिया है। इसमें शौचालयों की मरम्मत, सफेदी-पेंट, स्वच्छता सुधार और मरीजों के लिए बेहतर माहौल जैसी सुविधाओं का उन्नयन शामिल है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि विशेष मरम्मत व नवीनीकरण कार्य आठ जिलों – पंचकूला, जींद, गुरुग्राम, कैथल, मण्डीखेड़ा (नूंह), रेवाड़ी, सिरसा और कुरुक्षेत्र में शुरू हो चुका है। वहीं, अम्बाला, भिवानी, पलवल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, नारनौल, फतेहाबाद, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार और चरखी दादरी के 13 अन्य अस्पतालों में भी यह कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।
योजना के तहत विद्युत प्रणाली में सुधार, प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना, वातानुकूलन, आंतरिक सड़कों की मरम्मत, अस्पताल संकेत-पट्टी अद्यतन, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, भवनों की बाहरी साज-सज्जा और हॉर्टिकल्चर के माध्यम से हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन सुधारों से हरियाणा के सिविल अस्पतालों को आधुनिक, सुरक्षित और मरीज-हितैषी स्वरूप दिया जाएगा, जिससे निजी अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिला अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड, ऑटोमेटेड लैब, ब्लड बैंक और एक्स-रे मशीनों की कार्यक्षमता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने 450 डॉक्टरों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए, जिससे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार हो सके।
इसके अलावा, उन्होंने जिला अस्पतालों में संचालित जन औषधि केंद्रों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को सस्ती दरों पर दवाएं लगातार मिलती रहें। बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य में लिंगानुपात में सुधार हुआ है, जो जुलाई 2024 में 899 से बढ़कर जुलाई 2025 में 907 हो गया है।
बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक श्री रिपुदमन सिंह, निदेशक चिकित्सा शिक्षा व अनुसंधान श्री यशेन्द्र सिंह, हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. मनोज, स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

