मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं, जल-सीवरेज प्रोजेक्ट्स पर दिए निर्देश, हास्य कलाकार जसविंदर सिंह भल्ला के परिवार से जताई संवेदना

चंडीगढ़, 28 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज अपने चंडीगढ़ स्थित निवास कबीर कुटीर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संकल्प पत्र का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महासंघ के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक दीपक की भांति पूरे समाज को प्रकाशमान करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शैक्षिक महासंघ द्वारा एक सितंबर 2025 से आरम्भ होने वाला यह संकल्प शिक्षा जगत के लिए न केवल प्रेरणादायी सिद्ध होगा, बल्कि एक मील का पत्थर भी बनेगा।

इस मौके पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री रामवीर शर्मा ने बताया कि महासंघ एक सितंबर 2025 को प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश भर के लगभग पांच लाख विद्यालयों में “हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान” शीर्षक से संकल्प दिवस का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी तथा विद्यालय का पूरा स्टाफ सामूहिक रूप से संकल्प लेकर अपने विद्यालयों को सजाने-संवारने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर शैक्षिक महासंघ के प्रदेश सचिव विनोद चौहान और प्रदेश कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम भारद्वाज उपस्थित रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज यहां हुई जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड की 58 वीं बैठक में राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बढ़ाने तथा सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 33 ढाणियों में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ- साथ अमरूत 2.0 योजना के तहत 12 नये गांवों में सीवरेज की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए ।

बैठक में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के फ्लैगशिप कार्यक्रमों में तेजी लाने के लिए चालू वित्त वर्ष के लिए पहले से मंजूर कार्यो पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महाग्राम योजना के तहत किये जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचे, इसके लिए योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जो अमरूत 2.0 योजना के तहत सीवरेज डाले जा रहे है, उस संबंध में आ रही शिकायतों का निवारण किया जाए। यह कार्य योजनाबद्ध तरीके से होना चाहिए ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अमरूत 2.0 योजना के तहत 12 नये गांवों में मिलेगी सीवरेज की सुविधा:

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ग्रामीण क्षेत्र में अमरूत 2.0 योजना के तहत डाले जा रहे सीवरेज के बाद एसटीपी स्थापित करने को लेकर आने वाले दिक्क्तों से अवगत कराया। जिसके बाद यह निर्णय लिया गया कि इस योजना के तहत गांवों को चयनित करने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि उन गाँवों में एसटीपी स्थापित हो जाए। अधिकारियों ने बताया कि इसके तहत 17 प्रोजेक्ट्स पूरे कर दिए गए है। अगले चरण में 12 नये गांवों में यह कार्य जल्द शुरू होगा। श्री नायब सिंह सैनी ने आला अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय समय पर क्वालिटी एशोरेंस अथॉरटी (क्यूएए) द्वारा इन प्रोजेक्ट्स की जांच भी करवाई जाए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि शहरी इलाकों में सीवरेज नेटवर्क को अपग्रेड किया जाएगा और गंदे पानी के ट्रीटमेंट के लिए नए प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ पेयजल और सुदृढ़ सीवरेज व्यवस्था लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा दोनों के लिए जरूरी है। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बैठक में चल रही योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को समय पर सुविधाएं मिलें, इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण की अध्यक्षा श्रीमती केशनी आनंद अरोड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाबी के मशहूर हास्य कलाकार श्री जसविंदर सिंह भल्ला के आवास मोहाली पहुंचे और उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने स्वर्गीय श्री जसविंदर सिंह भल्ला के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं और कहा कि जसविंदर भल्ला ने अपनी अदाकारी और सहज शैली से लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। उनका जाना कला और फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री श्री सैनी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ प्रभलीन सिंह भी मौजूद रहे।

Back To Top