बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती पिता के जल्द स्वस्थ होने की मन्नत लेकर कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहा एक परिवार रविवार रात दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। हादसा रविवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। ग्रांधी प्याऊ के पास अमर बकरा बाड़े के निकट तेज रफ्तार बाइक ने पदयात्रियों को टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के मुखिया घनश्याम दास (60) की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मिहिर महात्मा (निवासी रानी बाजार) ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना में तीन पदयात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पैदल मंदिर जा रहे थे जानकारी के अनुसार, पीबीएम अस्पताल के एसएसबी सेंटर में भर्ती श्याम सुंदर उपाध्याय के स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर उनकी बेटियां स्वाति (29) और महक (22), पुत्र चिराग (12), फूफा घनश्याम दास तथा रिश्तेदार सोनू (20) पैदल कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ग्रांधी प्याऊ के पास यह हादसा हो गया। हादसे में स्वाति, महक और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 12 वर्षीय चिराग को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। ट्रॉमा सेंटर में बढ़ा तनाव, डॉक्टरों ने रोका काम घटना के बाद पीबीएम अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के परिजनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान बाइक सवार मृतक के परिजनों द्वारा चिकित्सा स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की चर्चा रही। इसके विरोध में रेजीडेंट डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर कुछ समय के लिए कार्य बंद कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हालात को नियंत्रित किया। बाद में अधिकारियों और चिकित्सकों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद चिकित्सा सेवाएं पुनः शुरू कर दी गईं। देर रात तक तैनात रहा अतिरिक्त पुलिस बल किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल परिसर में देर रात तक आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रखा गया। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ ट्रॉमा सेंटर में हुए विवाद की भी जांच कर रही है।

