पाकिस्तानी एजेंट ने प्यार के जाल में फंसाकर करवाया ब्लास्ट:महिला और युवक को 2.23 लाख रुपए दिए; वीडियो कॉल पर दी रेलवे ट्रैक उड़ाने की ट्रेनिंग

राजस्थान के श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर को हुए ब्लास्ट के मामले में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। ब्लास्ट में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है, जिसमें ISI के कहने पर रेलवे ट्रैक पर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाकर पूरी पैसेंजर ट्रेन को उड़ाने की साजिश थी। एटीएस के ADG दिनेश एमएन ने बताया- पाकिस्तानी एजेंट ने महिला को प्यार के जाल में फंसाया और भारी रकम का लालच देकर रेलवे ट्रैक पर IED लगाकर ब्लास्ट करने का काम सौंपा। महिला ने इस काम के लिए अपने प्रेमी को साथ मिलाया। पाकिस्तानी एजेंट ने दोनों आरोपियों को 2.23 लाख रुपए दिए। इनमें 1 लाख कैश और बाकी ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। पाकिस्तानी एजेंट ने वीडियो कॉल के जरिए दोनों को टाइम बम सेट करने और ब्लास्ट करने की ट्रेनिंग दी। दोनों ने रामसिंहपुर-विजयनगर के बीच पटरी पर 2 टाइम बम लगाए। टाइमिंग में चूक होने से बम पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के करीब आधे घंटे बाद फटा, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया था। एटीएस ने पंजाब के गुरुदासपुर से महकदीप कौर (21) और उसके साथी देवेंद्र सिंह (23) को गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार को अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एंव न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2 में पेश किया गया, जहां से 8 दिन की रिमांड पर भेजा है। अब सिलसिलेवार जानिए साजिश की पूरी कहानी तलाक के बाद जेल में बंद पूर्व पति से मिला पाकिस्तानी नंबर दिनेश एमएन ने बताया- आरोपी महकदीप कौर की शादी करीब 2 साल पहले करण नाम के युवक से हुई थी। 24 दिसंबर 2024 को उनका तलाक हो गया। फरवरी 2025 में करण हेरोइन तस्करी के मामले में जेल चला गया। जब महकदीप जेल में करण से मिलने गई, तो करण ने उसे पैसों के इंतजाम के लिए पाकिस्तान बैठे ‘लवली’ नाम के एक तस्कर का नंबर दिया। रोमांटिक बातों में फंसाकर बम लगाने की ऑनलाइन ट्रेनिंग दी करण से नंबर लेने के बाद महकदीप पाकिस्तान में लवली से बात करने लगी। लवली ने महकदीप की बात अपने दोस्त शाह से करवाई। शाह ने महकदीप को प्यार के जाल में फंसाया और पैसों का लालच देकर रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए मना लिया। महकदीप ने इसक काम के लिए देवेंद्र को साथ में ले लिया, जिसके साथ वह रिलेशनशिप में थी। दोनों 12वीं में स्कूल में साथ पढ़ते थे। शाह ने वीडियो कॉल पर महकदीप और देवेंद्र की बात पाकिस्तान में बैठे अपने ‘चाचा’ से करवाई। चाचा ने दोनों को रेलवे ट्रैक पर आईईडी (IED) बम लगाने का काम सौंपा। इसके बाद शाह ने वीडियो कॉल के जरिए दोनों को टाइम बम सेट करने और ब्लास्ट करने की ट्रेनिंग दी। साजिश फेल हुई तो पाकिस्तानी एजेंट ने लगाई थी फटकार पाकिस्तानी एजेंट ने दोनों आरोपियों को दोनों को एक लोकेशन बताई, जहां पर धमाके के लिए बम मिलने थे। 6 अक्टूबर को दोनों श्रीगंगानगर के विजयनगर आए, लेकिन बताई लोकेशन पर बम नहीं मिला तो लौट गए। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को दोबारा श्रीगंगानगर आए और रामसिंहपुर-विजयनगर के बीच पटरी पर दो टाइम बम लगाए। हालांकि, तार टूटने और तकनीकी खराबी के कारण बम नहीं फटे। दोनों ने फोन कर किसी स्थानीय व्यक्ति से ब्लास्ट की पुष्टि की तो बम नहीं फटने की जानकारी मिली। दोनों ने यह बात पाकिस्तानी हैंडलर को दी तो उन्होंने फटकार लगाई। तीसरी कोशिश में 3 नवंबर को किया ब्लास्ट तीसरी बार दोनों 30 अक्टूबर को श्रीगंगानगर पहुंचे और एमआर होटल में रुके। उन्हें पंजाब बॉर्डर पर ड्रोन ड्रॉपिंग के जरिए भेजा गया बम मिला। 1 और 2 नवंबर को मौका नहीं मिलने के बाद, 3 नवंबर की शाम दोनों ने 50 जीबी गांव के पास पटरी पर टाइम बम लगाया और पंजाब भाग गए। रात करीब 9:45 बजे तेज धमाका हुआ, जिससे ट्रैक करीब 10 घंटे बाधित रहा। पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के कारतूस बरामद एडीजी ने बताया- एटीएस ने 5 लाख से अधिक मोबाइल डेटा और 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अमृतसर की सीआई सेल और गुरदासपुर एसपी की मदद से दोनों को कलानौर थाना क्षेत्र से दबोच लिया। आरोपियों के पास से 30 हजार रुपए नकद, 2 विदेशी पिस्टल और 40 कारतूस बरामद हुए हैं, जिन पर ‘पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री’ की मुहर लगी है। दिनेश एमएन ने बताया- ऑपरेशन सिंदूर के बाद ही शहजाद भट्टी लॉन्च हुआ है, जो भारत के युवाओं को टारगेट कर रहा है। शाह का भी अलग और नया मॉडल है। उनका काम पैसे देकर बम ब्लास्ट करवाना, पैसा भिजवाना, तलाकशुदा और अकेली लड़कियों को जाल में फंसाना है। इसी मॉडल के तहत उसने तलाकशुदा महिला महकदीप कौर को फंसाया। इससे पहले तलाकशुदा और अकेली रह रही महिला बबीता को भी ट्रैप किया था। उसे भी कुछ गलत काम करने को बोला था, जिसे एटीएस ने गिरफ्तार किया था। पंजाबी बेल्ट का फायदा उठा रहा पाकिस्तान बीकानेर आईजी ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने बताया- पाकिस्तान बॉर्डर से सटे पंजाब के जिलों (गुरदासपुर, तरनतारन, फाजिल्का) और राजस्थान के श्रीगंगानगर की भाषा व संस्कृति एक जैसी है। बॉर्डर पार बैठे हैंडलर इसी समानता और रिश्तेदारियों का फायदा उठाकर स्थानीय युवाओं को आसानी से अपना मोहरा बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस उस कैब ड्राइवर से भी पूछताछ कर रही है, जिसने आरोपियों को श्रीगंगानगर से विजयनगर छोड़ा था। परिजन बोले- महकदीप ने नहीं बताया कि क्या काम करती है महकदीप की मां सरबजीत कौर ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर आती-जाती थी। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी। उसने अपनी मर्जी से शादी की थी, लेकिन फिर तलाक हो गया। पिता तिरलोक सिंह ने बताया कि महकदीप परिवार के किसी सदस्य को कुछ नहीं बताती थी। उसने यह भी नहीं बताया था कि वह क्या काम करती है। वह कई-कई दिन बाद घर लौटती थी। जब पुलिस घर पहुंची, तब पता चला कि वह इस तरह की गतिविधियों में शामिल थी। महकदीप ने शादी का झांसा देकर देवेंद्र को गलत काम में शामिल किया आरोपी देवेंद्र सिंह की चाची सुखविंदर कौर और मां बलजीत कौर ने बताया- देवेंद्र ने 12वीं तक पढ़ाई की है। वह महकदीप कौर के संपर्क में था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। महकदीप ने शादी का झांसा देकर देवेंद्र को गलत काम में शामिल कर लिया। चाची सुखविंदर कौर ने बताया कि ब्लास्ट से 2 दिन पहले देवेंद्र दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकला था और ब्लास्ट के 3 दिन बाद लौटकर आया। उनके अनुसार, महकदीप ने देवेंद्र से कहा था कि वह उसे 1 लाख रुपए देगी। इसी के बाद वह घर पर पैसे लेने जाने की बात कहकर निकला था। वहीं, देवेंद्र की मां बलजीत कौर ने बताया कि जब वह घर से निकला था, तब अमृतसर से बाइक लाने की बात कहकर गया था। वह 7-8 नवंबर को वापस घर लौटा। इसके बाद पुलिस पहुंची और उसे अपने साथ ले गई। ये खबरें भी पढ़िए… पाकिस्तान में रची राजस्थान में रेलवे-ट्रैक पर धमाके की साजिश:ब्लास्ट के लिए दिए 30 हजार रुपए, पंजाब की महिला सहित 2 गिरफ्तार राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले राजस्थान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पंजाब के गुरुदासपुर से एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पूरी खबर पढ़िए बबीता दो साल से आतंकी संगठन से जुड़ी थी:युवतियों का करती थी ब्रेनवॉश, डंकी रूट से पाकिस्तान जाने का था प्लान जयपुर से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद की कथित महिला स्लीपर सेल बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा से रिमांड के दौरान पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार- बबीता करीब दो साल से आतंकी संगठन के संपर्क में थी। उसे आत्मघाती हमले के लिए तैयार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पूरी खबर पढ़िए
Back To Top