चंडीगढ़ से जयपुर आई इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग टली:आंधी और बादल के कारण करीब एक घंटे तक हवा में रही, खराब मौसम का असर

जयपुर में खराब मौसम का असर फ्लाइट्स पर भी देखने को मिला। चंडीगढ़ से जयपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट करीब एक घंटे तक आसमान में चक्कर काटती रही। मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते जयपुर के आसमान में फ्लाइट हवा में रही। इंडिगो की फ्लाइट 6E-7413 चंडीगढ़ से जयपुर के लिए रवाना हुई थी। फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब 15 मिनट देरी से संचालित हो रही थी। फ्लाइट शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 5 मिनट पर जयपुर पहुंच गई थी। इसके बाद भी खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। एक घंटे तक लैंड नहीं कर पाई फ्लाइट फ्लाइट को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देशानुसार जयपुर एयरपोर्ट के आस-पास होल्डिंग पैटर्न में रखा गया। इस दौरान विमान लगभग एक घंटे तक आसमान में चक्कर लगाता रहा और मौसम की स्थिति सामान्य होने का इंतजार करता रहा। मौसम में सुधार और विजिबिलिटी बेहतर होने के बाद आखिरकार रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट के निर्धारित समय से काफी देर तक हवा में रहने के कारण पैसेंजर्स के बीच चिंता और बेचैनी का माहौल भी देखने को मिला। कई पैसेंजर्स लगातार फ्लाइट के लैंड नहीं होने से परेशान नजर आए। मौसम का लगातार एयर ट्रैफिक पर भी असर हालांकि एयरलाइन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक मानकों का पालन किया गया। फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग के बाद पैसेंजर्स ने राहत की सांस ली। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से जयपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम लगातार बदल रहा है। तेज हवाओं, धूलभरी आंधी और बादलों की आवाजाही के कारण हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है। मौसम खराब होने की स्थिति में फ्लाइट्स को होल्ड पर रखना या वैकल्पिक एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना फ्लाइट सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है।
Back To Top