श्रीगंगानगर में कार AC चला सोए प्राइवेट बैंक में लोन मैनेजर की मौत हो गई। घरवालों ने शीशे तोड़कर बॉडी को बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में दम घुटने की बात सामने आई है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस को कार से बीयर के कैन मिले हैं। मैनेजर दो दिन से लापता थे। फोन बंद आने से परिवार वाले कॉन्टेक्ट नहीं कर पा रहे थे। घटना जवाहर नगर थाना क्षेत्र में 9 जून की रात करीब 8.30 बजे की है। जवाहर नगर SHO देवेंद्र सिंह ने बताया- मुकेश सुथार (32) पुत्र बलराम सुथार, श्रीगंगानगर जिले के 42 एनपी रायसिंहनगर के रहने वाले थे। मीरा चौक (श्रीगंगानगर) स्थित निजी बैंक शाखा में लोन मैनेजर के पद पर पोस्टेड थे। करीब 5 साल पहले बैंक की नौकरी जॉइन की थी। शादी चार साल पहले हुई थी। एक बेटी है। सोमवार से बंद था मोबाइल, तलाश के दौरान मिली कार मुकेश सोमवार (8 जून) सुबह घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं लौटे और मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार (9 जून) रात सर्च के दौरान गगनपथ पर बिहानी चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल के पास आइसक्रीम पार्लर के बाहर खड़ी उनकी कार दिखाई दी। कार बंद थी औैर मुकेश कार की स्टेयरिंग सीट पर ही थे। कार के गेट लॉक थे, ऐसे में परिजनों ने शीशे तोड़कर बाहर निकाला। प्रथम दृष्टया सामने आया कि कार का एसी ऑन था, कार कैसे बंद हुई इसकी भी जांच की जा रही है। कार में शराब की बोतलें मिलीं, पुलिस ने शुरू की जांच जवाहर नगर SHO देवेंद्र सिंह ने बताया- रात करीब 8.30 बजे जवाहरनगर थाने में मामले की सूचना परिजनों ने दी। हेड कॉन्स्टेबल हरदेव मौके पर पहुंचे। पुलिस को कार के अंदर से बीयर के 4 खाली और दो भरे हुए कैन मिले है। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दम घुटने से मौत हुई है। हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। परिजनों ने जताई दम घुटने से मौत की आशंका परिजनों का कहना है कि मुकेश का काम लोन से जुड़ा होने के कारण उन्हें अक्सर बाहर जाना पड़ता था और कई बार देर रात घर लौटते थे। परिवार ने आशंका जताई है कि उनकी कार सीएनजी से चलती थी और कार में एसी चालू कर कार में सो गए होंगे। गर्मी और दम घुटने से उनकी मौत हुई हो सकती है। परिवार में कोई विवाद नहीं है।

