आवासन मंडल की परियोजनाओं में दीपोत्सव पर स्ट्रीट लाइटिंग की समुचित व्यवस्था हो सुनिश्चित- आवासन आयुक्त

जयपुर: आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशभर में आवासन मंडल की समस्त परियोजनाओं में स्ट्रीट लाइटिंग, पानी व अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डॉ. रश्मि शर्मा ने बुधवार को आवासन मंडल मुख्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि मण्डल प्रदेश के सभी अंचलों में आमजन को आवास देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होनें कहा है कि परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरु होने से पहले ही सड़क, पानी, बिजली सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की प्रभावी कार्य योजना बनाई जाए। उन्होनें निर्देश दिये कि अधिकारी व अभियन्ता विकास कार्यो में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करें, साथ ही टेस्टिंग लैब में खुद अपने समक्ष सैम्पल की जांच करवाए। उन्होनें कहा कि निर्माण से आवंटन होने तक प्रत्येक प्रोजेक्ट में संवेदनशीलता से कार्य किया जाए, अभियंता पूर्ण समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ आवासों का निर्माण करवाएं। वे निर्मित आवासों के विक्रय का लक्ष्य अविलम्ब प्राप्त कर आमजन को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराएं।

शहरी सेवा शिविर में अधिकाधिक लोगों को किया जाए लाभान्वित—

डॉ शर्मा ने निर्देश दिए की सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत चलाए जा रहे शहरी सेवा शिविरों में सभी माकूल व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाए। वहाँ आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने शिविरों के सफल संचालन की प्रशंसा की। उन्होंने योजना बनाकर समयबद्ध तरीके से लम्बित प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को जल्द से जल्द राहत मिले।

डॉ. शर्मा ने मण्डल की आवासीय योजनाओं का प्रदेशभर में विस्तार करने के उद्देश्य से जिलों में भूमि चिन्हित एवं अवाप्त करने के प्रस्ताव मुख्यालय प्रेषित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अभियंता फील्ड में जाकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनों के प्रस्ताव तैयार करें। साथ ही, प्रीमियम प्रॉपर्टी और बुधवार नीलामी के प्रस्ताव भी अविलम्ब तैयार किए जाए।

साथ ही उन्होंने खाली मकानों के ऑक्शन शीघ्र करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नवीन आवासीय योजनाओं के संबध में विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि अभियंता जमीन को अवाप्त करने से पहले कोस्ट बेनेफिट अध्ययन सुनिश्चित करें।

बैठक में सचिव श्री गोपाल सिंह, उप सचिव श्री अशोक कुमार,मुख्य अभियंता-प्रथम श्री अमित अग्रवाल, मुख्य अभियंता मुख्यालय श्री टी .एस. मीना , मुख्य अभियंता श्री प्रतीक श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार श्री रोहताश यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

Back To Top