आज 19 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी:जयपुर में बूंदाबांदी, बीकानेर में तूफानी बारिश, बारां में 2 इंच तक पानी बरसा

राजस्थान में प्री-मानसून की एक्टिविटी जारी है। रविवार को 19 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर सहित आसपास के एरिया में सुबह से ही रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। वहीं, शनिवार को कोटा और भरतपुर के अलावा जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारां के अटरू में 2 इंच से ज्यादा बरसात हुई, जबकि बीकानेर के इलाकों में दोपहर बाद तूफानी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिन आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं, प्री-मानसून में राजस्थान में 92 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। राजस्थान के मौसम की PHOTOS… ये शहर रहे सबसे ज्यादा गर्म गर्मी और बारिश की बड़ी अपडेट्स बारां में 62 मिमी बरसात: पिछले 24 घंटों में झालावाड़, कोटा, बारां, बूंदी, जयपुर, सवाई माधोपुर, दौसा, करौली और बीकानेर जिलों में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारां के अटरू में 62MM, किशनगंज में 40, सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में 28 और बीकानेर के जसरसर में 15MM बरसात दर्ज की गई। फलोदी सबसे गर्म, श्रीगंगानगर में पारा 40 डिग्री के पार: शनिवार को सबसे ज्यादा गर्मी फलोदी में रही। यहां दिन का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, श्रीगंगानगर में 40.3, बाड़मेर में 39.8, जैसलमेर में 39.5, जोधपुर में 39.4, अलवर में 39 और बीकानेर में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्री-मानसून में 92 प्रतिशत अधिक बारिश: राजस्थान में मानसून की एंट्री सामान्यत: 25 जून के आसपास होती है। इस साल मानसून के देरी से पहुंचने की आशंका है। हालांकि, इस साल जून में हो रही प्री-मानसून एक्टिविटी काफी अच्छी रही है। सामान्य: प्री-मानसून में करीब 23 मिमी. बारिश होती है, लेकिन इस साल अब तक 44 मिमी. बारिश हो चुकी है। जो कि सामान्य से 92 प्रतिशत अधिक है। प्रदेश के 30 जिलों में प्री-मानसून में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम जयपुर: राजधानी में शनिवार को दिनभर उमस भरा मौसम रहा। सुबह से दोपहर तक तेज धूप खिली रही और दोपहर बाद हल्के बादल छाए। शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिसके बाद उमस बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर: सूर्य नगरी में शनिवार को तेज गर्मी के साथ-साथ भारी उमस का असर भी बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। अलवर: शनिवार को मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा। कभी हवा चली तो कभी हवा पूरी तरह थम गई। दिनभर में आसमान में घने बादल छाए। जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। आगामी दिनों में बारिश की संभावना है। उदयपुर: लेकसिटी में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद शनिवार को मौसम सामान्य रहा। हवा में ठंडक रही। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा: कोचिंग सिटी में शनिवार को लगातार तीसरे दिन मौसम का मिजाज बदला। दोपहर में अचानक घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। जिले का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुल 8.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सीकर: शनिवार को मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। यहां पूरे दिन धूप निकली रही और आसमान में बादलों की आवाजाही बेहद कम रही। जिले का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को भी यहां का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया था। अजमेर: शनिवार को गर्मी और उमस का मिलाजुला असर बना रहा। जिले का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता (नमी) का स्तर 38 से 66 प्रतिशत तक रहने के कारण दिनभर उमस से लोग परेशान रहे। हालांकि, बीच-बीच में चली हल्की हवा से लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई।
Back To Top