पीड़ितों से पूर्व सीएम ने की सीधे संवाद
इस दौरान सांसद दुष्यंत सिंह समेत कई भाजपा नेता भी वसुंधरा राजे के साथ मौजूद रहे. सभी नेताओं ने पीड़ित परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की और कहा कि यह मुद्दा केवल गांव या जिले तक सीमित नहीं रहेगा. वसुंधरा राजे ने स्पष्ट किया कि यह मामला राजस्थान विधानसभा और संसद दोनों में उठाया जाएगा ताकि दोषियों को सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं. हादसे के बाद सामने आए एक वायरल वीडियो ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया है. वीडियो में कथित रूप से कुछ शिक्षक कहते नजर आ रहे हैं कि दो-दो सौ रुपए जुटाओ, तभी बनेगी छत. इस तरह की बातों ने न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि मानवीय संवेदना को भी चोट पहुंचाई है. वसुंधरा राजे ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अगर यह बात सही है, तो यह बेहद शर्मनाक है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
सियासत नहीं संवेदना की ज़रूरत
वसुंधरा राजे ने इस त्रासदी को राजनीतिक बहस का विषय बनाने से इनकार करते हुए कहा कि फिलहाल सबसे जरूरी है पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना. उन्होंने प्रदेश सरकार से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की अपील की और कहा कि अब वक्त है कि सरकार स्कूलों की जमीनी हकीकत को समझे और ठोस कदम उठाए. पीपलोदी गांव में वसुंधरा राजे की यात्रा के दौरान सैकड़ों ग्रामीण जुटे. उन्होंने खुलकर अपनी पीड़ा और सरकारी उपेक्षा की शिकायतें साझा कीं. गांव के लोगों ने कहा कि कई बार स्कूल भवन की खराब हालत की शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी. झालावाड़ की यह त्रासदी केवल एक गांव की कहानी नहीं है, बल्कि राज्यभर में मौजूद जर्जर स्कूलों की भयावह सच्चाई का आईना है. सवाल यह है कि क्या यह हादसा सरकार की नींद तोड़ेगा? क्या अब बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी? जवाब भविष्य देगा.

